''जनता की जेब खाली, सरकार मना रही जश्न'', कांग्रेस ने मोदी सरकार पर बोला हमला

punjabkesari.in Thursday, Oct 08, 2026 - 02:28 PM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस ने अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि देश एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता की चिंता छोड़कर 25 साल का जश्न मनाने में व्यस्त हैं।

पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने फिल्म 'हम दोनों' के गीत का उल्लेख करते हुए यह कटाक्ष भी किया, हम दोनों' फ़िल्म का वह सदाबहार गाना याद आ रहा है-बर्बादियों का जश्न मनाता चला गया, हर फिक्र को धुएं में उड़ाता चला गया।

रमेश ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, रेपो रेट बढ़ने से जनता पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है। कर्ज महंगा होने से खर्च, निवेश और व्यापार कम होगा। उन्होंने कहा कि त्योहारों के मौसम में महंगाई मध्यम और गरीब वर्ग को प्रभावित कर रही है तथा बेरोजगारी और घटती कमाई के बीच लोगों की जेब खाली हो रही है।

उन्होंने शेयर बाजार में गिरावट और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की कथित निकासी का भी जिक्र करते हुए कहा, शेयर बाजार में गिरावट लगातार जारी है, जो आज भी गिरा है। विदेशी संस्थागत निवेशक भारतीय शेयर बाजार से बीते नौ महीनों में ही चार लाख करोड़ रुपये निकाल चुके हैं। रुपया ऐतिहासिक गिरावट पर है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि ये स्थितियां बता रही हैं कि अर्थव्यवस्था रसातल में जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया, जीडीपी के फर्जी दावों के शोर के बीच देशवासी पिस रहे हैं। इस बीच सरकार देश की जनता पर लगातार लूट का हथौड़ा चलाए जा रही है।

रमेश ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, देश बड़े आर्थिक संकट की तरफ़ बढ़ रहा है, लेकिन नरेन्द्र मोदी जी जनता की चिंता छोड़कर 25 साल का जश्न मनाने में व्यस्त हैं। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितता का उल्लेख करते हुए कहा, ''वोट चोरी और फर्जीवाड़े से बनी सरकार को जनता की परवाह नहीं है, क्योंकि निर्वाचन आयोग तो इनकी मुट्ठी में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News