आधी रात यूथ कांग्रेस नेता के घर पर हमला, परिजनों को दी धमकी और गाड़ियों में की तोड़फोड़

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 12:26 PM (IST)

कन्नूरः केरलम के तलिपरंबा में 'डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया' (डीवाईएफआई) के कथित कार्यकर्ताओं ने युवा कांग्रेस के एक नेता के घर पर हमला किया और दो वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने इस सिलसिले में डीवाईएफआई नेता अखिल एमसी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, हमला शुक्रवार रात करीब 11 बजे तलिपरंबा के पूकोथुनाडा में युवा कांग्रेस नेता राहुल वेचियोट्टू के घर पर हुआ। आरोपियों ने कथित तौर पर घर के दरवाजे पर ठोकरें मारीं और भीतर मौजूद परिजनों को धमकियां दीं। इसके बाद हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी दो मिनी लॉरी के शीशे तोड़ दिए, जिससे करीब दो लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।

पुलिस को अंदेशा है कि यह हमला राज्य के अलग-अलग हिस्सों में युवा कांग्रेस और डीवाईएफआई कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़पों से जुड़ा हो सकता है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। दरअसल, 30 सितंबर को केरल विश्वविद्यालय के छात्रावास में युवा कांग्रेस और एसएफआई कार्यकर्ताओं के बीच टकराव के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया था, जिसके बाद से राज्य में हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News