Nepal Plane Hijack: जब हाईजैक हुए प्लेन में मौजूद थीं बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस, सुशीला कार्की के पति पर लगा मास्टरमाइंड का आरोप!
punjabkesari.in Saturday, Sep 13, 2025 - 07:04 PM (IST)

नई दिल्ली: नेपाल इन दिनों राजनीतिक उथल-पुथल के दौर से गुजर रहा है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जनरल Z की अगुवाई में भड़का जन आंदोलन अब तख्तापलट की शक्ल ले चुका है। इसका असर इतना गहरा हुआ कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को आखिरकार पद छोड़ना पड़ा। इस राजनीतिक तूफान के बीच एक नाम सुर्खियों में छाया हुआ है - नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की, जो अब देश की अंतरिम प्रधानमंत्री बन चुकी हैं।
लेकिन इस कहानी में एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ भी है - सुशीला कार्की के पति दुर्गा प्रसाद सुबेदी का नाम 1973 के नेपाल प्लेन हाईजैक से जुड़ा है। इस हाइजैक की घटना में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री माला सिन्हा भी उसी विमान में मौजूद थीं।
1973 का हाईजैक: नेपाल में पहली बार पैसों के लिए हुआ विमान अपहरण
10 जून 1973 - नेपाल एयरलाइंस की एक घरेलू फ्लाइट बिराटनगर से काठमांडू के लिए रवाना हुई। यह एक छोटा सा ट्विन-ऑटर विमान था जिसमें 19 यात्री और तीन क्रू मेंबर्स सवार थे। लेकिन इस रूटीन फ्लाइट को उसके गंतव्य तक पहुंचने नहीं दिया गया। उसे मिड-एयर हाईजैक कर लिया गया- और हाइजैकर्स में एक नाम था दुर्गा प्रसाद सुबेदी, जो बाद में सुप्रीम कोर्ट की पहली महिला चीफ जस्टिस और अब की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की के पति बने।
30 लाख की रकम, राजशाही के खिलाफ फंडिंग
दरअसल, इस विमान में यात्रियों के अलावा बिराटनगर के बैंकों से लाई गई करीब 30 लाख रुपये की भारी-भरकम रकम भी थी। उस दौर में यह एक बड़ी राशि थी। इसे काठमांडू पहुंचाया जाना था। इस रकम को हथियाने के लिए ही हाइजैक की साजिश रची गई थी। सूत्रों और बाद में आए रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस हाइजैकिंग की प्लानिंग नेपाली कांग्रेस नेता गिरिजा प्रसाद कोइराला द्वारा की गई थी - जो उस समय नेपाल की राजशाही के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व कर रहे थे और अभिनेत्री मनीषा कोइराला के चाचा भी थे। उनका मकसद था - इस लूट के पैसों से सशस्त्र संघर्ष और विरोध को फंड करना।
बिहार में उतरा प्लेन, कैश हुआ गायब
हाईजैकर्स ने विमान को भारत के बिहार स्थित फोर्ब्सगंज के एक खुले मैदान में उतारा। वहां से कैश निकाल कर उसे कार में डालकर दार्जिलिंग ले जाया गया और वहां छिपा दिया गया। हालांकि कुछ ही दिनों में पुलिस ने जांच तेज की और दुर्गा प्रसाद सुबेदी समेत अन्य आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया गया। उन सभी को भारतीय अदालत ने दो साल की सजा सुनाई। लेकिन किस्मत ने यहां भी पलटी मारी - 1975 में आपातकाल (Emergency) के दौरान उन्हें रिहा कर दिया गया।
बॉलीवुड कनेक्शन: विमान में सवार थीं माला सिन्हा
इस हाइजैक में जो बात और चौंकाती है, वह ये कि उस समय हिंदी सिनेमा की जानी-मानी अभिनेत्री माला सिन्हा भी उसी फ्लाइट में थीं। 1960 और 70 के दशक की इस स्टार ने प्यासा, हिमालय की गोद में, आंखें, और प्यार का सागर जैसी सुपरहिट फिल्मों में काम किया था। माला सिन्हा का नेपाल से गहरा जुड़ाव था- उन्होंने नेपाली एक्टर और राजनीतिज्ञ चिदंबरम प्रसाद लोहानी से शादी की थी। इसी वजह से उनका नेपाल आना-जाना लगा रहता था। उन्होंने मैतीघर नामक एक नेपाली फिल्म में भी काम किया था। इस घटना के बाद भारत और नेपाल में हलचल मच गई थी, और माला सिन्हा की सुरक्षा को लेकर काफी चिंता जताई गई। वहीं आज सुशीला कार्की को नेपाल में एक साहसी और ईमानदार नेता के रूप में देखा जाता है।