Meta की बड़ी कार्रवाई, 7 लाख से ज्यादा Instagram, Facebook अकाउंट किए बंद
punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 08:08 PM (IST)
नेशनल डेस्क : ऑस्ट्रेलिया में 16 साल से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर लागू नए नियम के तहत Meta ने 7 लाख से ज्यादा Instagram और Facebook अकाउंट डीएक्टिवेट किए हैं। कंपनी ने बताया कि दिसंबर से जून के बीच उसने 4.62 लाख ऐसे Instagram अकाउंट और 2.94 लाख Facebook अकाउंट हटाए, जिनके यूज़र्स की उम्र 16 साल से कम होने का शक था।
Reuters के मुताबिक, यह संख्या जनवरी तक हटाए गए अकाउंट्स के मुकाबले दोगुने से भी ज्यादा है। इससे पहले Meta ने 3.31 लाख संदिग्ध कम उम्र वाले Instagram और 1.73 लाख Facebook अकाउंट डीएक्टिवेट किए थे।
10 दिसंबर से लागू हुआ कानून
ऑस्ट्रेलिया में 10 दिसंबर से लागू कानून के तहत 16 साल से कम उम्र के बच्चों को बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाने से रोका गया है। सरकार ने यह कदम बच्चों की शारीरिक और मानसिक सेहत पर सोशल मीडिया के संभावित असर को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच उठाया है।
Meta ने शुरुआत में इस कानून का विरोध किया था, लेकिन अब कंपनी का कहना है कि वह नियमों का पालन कर रही है। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया का इंटरनेट रेगुलेटर यह जांच कर रहा है कि सोशल मीडिया कंपनियों ने कम उम्र के यूज़र्स को प्लेटफॉर्म से दूर रखने के लिए पर्याप्त कदम उठाए हैं या नहीं।
AI से कम उम्र के यूज़र्स की पहचान
Meta का कहना है कि वह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और दूसरे तकनीकी टूल्स की मदद से ऐसे अकाउंट्स की पहचान कर रही है, जिनके यूज़र्स की उम्र 16 साल से कम हो सकती है। कंपनी सिर्फ यूज़र की ओर से दी गई जन्मतिथि पर निर्भर नहीं है। इसके सिस्टम प्रोफाइल और ऑनलाइन गतिविधियों से जुड़े संकेतों का भी विश्लेषण करते हैं। इनमें जन्मदिन मनाने से जुड़ी पोस्ट, स्कूल ग्रेड का जिक्र और दूसरे यूज़र्स की ओर से की गई रिपोर्ट शामिल हैं। Meta ने उन यूज़र्स के खिलाफ भी अतिरिक्त पाबंदियां लगाई हैं, जो उम्र कम होने के कारण अकाउंट हटाए जाने के बाद नया अकाउंट बनाने की कोशिश करते हैं।
जुर्माना बढ़ाने की तैयारी
ऑस्ट्रेलिया में नियमों का पालन नहीं करने वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर सख्त कार्रवाई की तैयारी भी चल रही है। सरकार अधिकतम जुर्माने को बढ़ाकर करीब 99 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर करने के प्रस्ताव पर विचार कर रही है।
Meta ने कहा है कि इस नियम को लागू करने की प्रक्रिया अभी जारी है और आने वाले समय में डीएक्टिवेट किए गए अकाउंट्स की संख्या और बढ़ सकती है। कंपनी ने कहा कि वह युवाओं को सुरक्षित और उनकी उम्र के मुताबिक ऑनलाइन अनुभव देने के सरकार के लक्ष्य का समर्थन करती है।
शुक्रवार को संसदीय जांच में पेश होंगे कंपनियों के प्रतिनिधि
Meta के अलावा TikTok, Google और Snapchat के प्रतिनिधि भी शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया की संसदीय जांच के सामने पेश होने वाले हैं। जांच में यह देखा जा रहा है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स नए उम्र प्रतिबंधों को कितनी प्रभावी तरीके से लागू कर रहे हैं।
हालांकि, सख्त नियमों के बावजूद सरकारी आंकड़ों और स्वतंत्र अध्ययनों से संकेत मिला है कि 16 साल से कम उम्र के कई बच्चे शुरुआती महीनों में भी सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते रहे। इससे साफ है कि कम उम्र के यूज़र्स को पूरी तरह प्लेटफॉर्म से दूर रखना सोशल मीडिया कंपनियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।
