छत्तीसगढ़ में बड़ा हादसा: खदान धसकने से 5 महिलाओं समेत 6 की मौत

punjabkesari.in Saturday, Dec 03, 2022 - 07:36 AM (IST)

जगदलपुरः छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में शुक्रवार को छुई मिट्टी की खदान का कुछ हिस्सा धंस जाने से पांच महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। राज्य के गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने यह जानकारी दी। 

साहू ने विधानसभा में शुक्रवार को बताया कि जिला मुख्यालय जगदलपुर से लगभग 12 किलोमीटर दूर नगरनार थाना क्षेत्र के मालगांव में छुई मिट्टी खदान के धंसने से इसमें दबकर छह लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में पांच महिलाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना में तीन महिलाएं घायल हुई हैं। घायलों को जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में भर्ती कराया गया है। सभी की हालत खतरे से बाहर है। 

मंत्री ने बताया कि पुलिस, स्थानीय प्रशासन और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम बचाव कार्य में लगी हुई है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रत्येक मृतक व्यक्ति के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की है। इससे पहले शहर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) विकास कुमार ने बताया था कि इस घटना में सात लोगों की मौत हुई है। 

पुलिस महानिरीक्षक (बस्तर रेंज) सुंदरराज पी ने कहा कि हादसे का शिकार हुए लोग गांव के बाहरी इलाके में एक खेत से मिट्टी खोद रहे थे, जिसने एक छोटी खदान का आकार ले लिया था, जिसके कारण वे मलबे में फंस गए। सुंदरराज ने बताया कि ग्रामीण अपने निजी इस्तेमाल के लिए पिछले कई दिनों से मिट्टी खोद रहे थे और यह कोई व्यावसायिक खदान नहीं थी। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। 

पुलिस ने बताया कि मारे गए लोगों की पहचान रामेश्वर बघेल (35), दशमती नाग (35), कुमारी नाग (23), कमली (25), शांति नाग (35) और शैतो (32) के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि तीन घायल मनमती (32), लखमी कश्यप (35) तथा 14 वर्षीय पूर्णिमा को जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज डिमरापाल में भर्ती कराया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा जांच जारी है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Recommended News

Related News