राहुल के GST को 'गब्बर सिंह टैक्स' कहने पर बोले फडणवीस- VAT मतलब वाड्रा एडेड टैक्स

punjabkesari.in Thursday, Oct 26, 2017 - 11:41 PM (IST)

नई दिल्लीः कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स कहने पर महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस की प्रतिक्रिया आई है। एक चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता को ऐसा नहीं कहना चाहिए। मैं भी ऐसा कह सकता हूं कि VAT का मतलब वाड्रा एडेड टैक्स... IT का मतलब इंदिरा गांधी टैक्स... लेकिन ऐसा नहीं कहना चाहिए। जब बदलाव आएगा तो थोड़ी मुश्किल होगी।

महाराष्ट्र में किसानों की आत्महत्या के सवाल पर उन्होंने कहा कि ये 20 साल से चल रहा है। हमारी सरकार इस स्थिति में बदलाव लाने के लिए लगातार प्रयासरत है। सीएम फडणवीस ने कहा कि जो महाराष्ट्र एग्रीकल्चर में पिछड़ा हुआ था। हमने इसमें निवेश बढ़ाया है। रबी की फसल का रकबा बढ़ा है। हमारी कृषि का ग्रोथ प्लस में हुआ है।  

उन्होंने कहा कि जल संधारण का रकबा भी बढ़ा है। हमारे तीन सालों में दो साल सूखे से पीड़ित रहे हैं। इसके बावजूद हमने निवेश किया है और पानी का संरक्षण किया है। किसानों की कर्जमाफी पर पैसा न मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमने 1 करोड़ से ज्यादा किसानों का बायोमैट्रिक रजिस्टर किया है। इससे फर्जी अकाउंट्स कम हुए हैं।

अच्छे दिनों और भ्रष्टाचार के आरोपों पर देवेन्द्र फड़णवीस ने कहा कि आरोप तो कोई भी लगा सकता है। हमारी सरकार संवेदनशील है। पंकजा मुंडे पर जो आरोप लगे वो हाईकोर्ट में टिक नहीं पाया। हमने हर आरोप की जांच कराई है। हमारे ऊपर आरोप लगाने वाले सबूत नहीं दे पाते हैं। जिस दिन भी हम करप्शन करेंगे, उस दिन हम मुंह नहीं दिखाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News