Maggi खाने वालों के लिए बड़ी खबर, कीड़ों के आरोपों पर Nestle ने दिया बड़ा जवाब

punjabkesari.in Saturday, Jun 13, 2026 - 02:40 PM (IST)

 

नई दिल्ली: रोजमर्रा के उपभोक्ता उत्पाद (FMCG) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी Nestle Indiaने Maggi Noodles में कीड़ों की मौजूदगी (इंफेस्टेशन) को लेकर सोशल मीडिया पर लगाए गए आरोप खारिज करते हुए कहा है कि प्रयोगशाला परीक्षणों में सभी उत्पाद गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे पाए गए हैं। कंपनी ने शेयर बाजारों को दिए गए स्पष्टीकरण में कहा है कि सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक असत्यापित खाते द्वारा उठाई गई चिंता के बाद उसे यह शिकायत भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के माध्यम से मिली।

Nestle India ने 12 जून को प्रकाशित एक मीडिया रिपोर्ट पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा, "हम सोशल मीडिया पर एक असत्यापित खाते के आधार पर मैगी नूडल्स में कीड़े की मौजूदगी संबंधी आरोपों को स्पष्ट रूप से खारिज करते हैं।" इसके साथ ही कंपनी ने कहा कि शिकायतकर्ता की ओर से अब तक उत्पाद का कोई नमूना जांच के लिए नहीं दिया गया है।

संपर्क करने की कोशिश के बावजूद कोई जवाब नहीं मिला और संबंधित सोशल मीडिया खाते से भी संपर्क नहीं हो पा रहा है। Nestle India के अनुसार, मैगी नूडल्स के संबंधित बैच के संदर्भ नमूने को FSSAI की मान्यताप्राप्त एक स्वतंत्र प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया था, जहां जांच में नमूने में किसी भी प्रकार की कीड़ों की मौजूदगी नहीं पाई गई।

कंपनी ने बताया कि उसने इस मामले से जुड़े सभी दस्तावेज, बैच रिकॉर्ड, बाजार से लिए गए नमूने और परीक्षण रिपोर्ट पहले ही संबंधित प्राधिकरणों को सौंप दिए हैं। नेस्ले इंडिया ने कहा कि वह अपने सभी विनिर्माण कार्यों में सख्त गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करती है और नियामकीय संस्थाओं के साथ पूरी पारदर्शिता बनाए रखती है। Nestle India ने कहा, "हमें विश्वास है कि तथ्य और साक्ष्य इस मामले की वास्तविक स्थिति को स्पष्ट रूप से स्थापित करेंगे।"

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Anu Malhotra

Related News