''जो करना है करो, मैं लाश नहीं लूंगी'': बारुईपुर एनकाउंटर के आरोपी की मां ने दिया बड़ा बयान
punjabkesari.in Wednesday, Jul 08, 2026 - 12:04 PM (IST)
नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में 11 साल की बच्ची के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के मामले में एक बड़ा मोड़ आया है। इस मामले के मुख्य आरोपी की पुलिस मुठभेड़ में मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी की मां का एक बड़ा बयान सामने आया है। आरोपी की मां संध्या ने कहा है कि अगर उसके बेटे ने गलत किया है तो उसे उसके कर्मों की सजा मिलनी चाहिए और वह उसका शव स्वीकार नहीं करेगी।
बेटे ने देश या समाज के लिए अच्छा काम नहीं किया
समाचार एजेंसी से बात करते हुए कहा कि सुबह- सुबह उनके घर पर दो पुलिस वाले आए और उन्होंने आरोपी प्रवास की मौत की जानकारी देते हुए कहा कि उसे उनके साथ अस्पताल चलना होगा। इस पर मां संध्या ने कहा कि मेरे पति बीमार और मैं अस्पताल नहीं जा सकती। मेरी तरफ से जो करना है करो मुझे को आपत्ति नहीं है। मेरे बेटे ने कोई अच्छा काम नहीं किया था, उसने बहुत गलत किया था और उसे उसकी सजा मिल गई। मैं उसका शव अपने घर नहीं लाऊंगी और न ही उसे स्वीकार करूंगी।"
क्या है पूरा मामला?
यह पूरी घटना पश्चिम बंगाल के बारुईपुर इलाके की है, जहाँ कुछ दिन पहले बाजार से उपहार लेने गई 11 साल की एक मासूम बच्ची अचानक लापता हो गई थी। रविवार को सूर्यपुर हाट क्षेत्र के एक तालाब से बोरी में बंद बच्ची का शव बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में भारी जनाक्रोश और तनाव फैल गया था।
