लेफ्टिनेंट जनरल मनोज मुकुंद नरवाने होंगे अगले उप सेना प्रमुख
punjabkesari.in Monday, Jul 22, 2019 - 08:32 PM (IST)

नई दिल्लीः सेना की पूर्वी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल मनोज मुकुंद नरवाने को बल का अगला उपप्रमुख नियुक्त किया गया है। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को दी। लेफ्टिनेंट जनरल नरवाने लेफ्टिनेंट जनरल डी अंबू का स्थान लेंगे जो कि 31 अगस्त को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल नरवाने संभावित रूप से सेना प्रमुख पद की दौड़ में रहेंगे क्योंकि वर्तमान सेना प्रमुख जनरल बिपिन रावत जब 31 दिसम्बर को सेवानिवृत्त होंगे तब वह वरिष्ठतम कमांडर रहेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल नरवाने 37 वर्ष की अपनी सेवा के दौरान कई पदों पर कार्य कर चुके हैं और आतंकवाद निरोधक माहौल में काफी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने जम्मू कश्मीर में राष्ट्रीय राइफल्स की एक बटालियन और पूर्वी मोर्चे पर एक इंफेंट्री ब्रिगेड की भी कमान संभाली है। अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियों में सैन्य अभियानों के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अनिल चौहान पूर्वी कमान के लिए नये जनरल आफिसर कमांडिंग. .इन..चीफ होंगे।
सूत्रों ने बताया कि लेफ्टिनेंट जनरल ए एस क्लेर को दक्षिण..पश्चिम कमान का जनरल आफिसर कमांडिंग इन चीफ नियुक्त किया गया है और वह लेफ्टिनेंट जनरल सी माथेसन का स्थान लेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल माथेसन 31 अगस्त को सेवानिवृत्त होंगे। लेफ्टिनेंट जनरल आई एस घुमान को मध्य कमान का जनरल आफिसर कमांडिंग इन चीफ नियुक्त किया गया है। वह लेफ्टिनेंट जनरल अभय कृष्ण का स्थान लेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल आर पी सिंह को पश्चिमी कमान का प्रमुख नियुक्त किया गया है। वह लेफ्टिनेंट जनरल सुरिंदर सिंह का स्थान लेंगे जो कि 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। लेफ्टिनेंट जनरल सिंह वर्तमान में 21 स्ट्राइक कोर के कमांडर के तौर पर कार्यरत हैं।