भगवान कृष्ण के नाम पर बना राशन कार्ड, 40 साल तक लिया राशन

punjabkesari.in Monday, Nov 28, 2016 - 11:47 AM (IST)

जयपुर: भगवान कृष्ण का भी राशन कार्ड बना और इतना ही नहीं 40 साल तक उनके नाम पर राशन भी मिला। जी हां चौंकिए मत यह मामला राजस्थान का है। राजस्थान में भगवान कृष्ण के नाम का राशन कार्ड सामने आया है। इस पर पिछले 40 सालों से राशन लिया जा रहा था और सरकारी कार्यालय को इसकी भनक तक नहीं लगी। मामले की पोल तब खुली जब राशन लेते वक्त अंगूठा लगाना जरूरी कर दिया गया।

कार्ड में दिखाया गया कि मुरली मनोहर मुखिया हैं जिनकी उम्र 70 साल है। राशन कार्ड में पत्नी ठकुरानी हैं, जिनकी उम्र 65 साल बताई गई है। इतना ही नहीं कार्ड में भगवान की 65 साल की बहन तुलसी का नाम भी है। चौथा सदस्य गणेश और पांचवां नाम काजीखेड़ा मंदिर के 70 साल के पुजारी बाबूलाल का है जिन्होंने राशन कार्ड बनवाया है और इस कार्ड पर पिछले 40 साल से ज्यादा वक्त से राशन भी ले रहे थे।

वहीं रसद विभाग ने राशन कार्ड धारक का राशन डीलर की पास मशीन पर अंगूठा लगाना जरूरी कर दिया है। इस बार अधिकारियों ने पुजारी बाबूलाल से उन सभी रिश्तेदारों को हाजिर करने को कहा जिनका नाम कार्ड पर था लेकिन पुजारी ने ऐसा करने से मना कर दिया और रसद विभाग पर उसको परेशान करने का आरोप लगाया। रसद विभाग को सच्चाई समझते देर नहीं लगी कि भगवान के नाम पर पुजारी राशन खा रहा है। विभाग ने भगवान के नाम पर बना राशनकार्ड निरस्त कर दिया है। रसद विभाग अब जांच कर रहा है कि ऐसे और कितने लोग हैं जो फर्जी नामों पर राशन ले रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News