पहाड़ों पर 'महाजाम': भीषण गर्मी के बीच हजारों की संख्या में मनाली पहुंचे पर्यटक, कई KM तक लगा लंबा जाम; घंटों तक फंसे रहे सैलानी
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 12:16 AM (IST)
नेशनल डेस्कः देश के मैदानी इलाकों में पड़ रही प्रचंड गर्मी (Heatwave) के कारण लोग राहत की तलाश में हिमाचल प्रदेश के पहाड़ों की ओर रुख कर रहे हैं, लेकिन वहां भी उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार रात मनाली में पर्यटकों की ऐसी भारी भीड़ उमड़ी कि प्रमुख सड़कों पर वाहनों का सैलाब आ गया, जिससे कई घंटों तक चक्का जाम रहा।
घंटों फंसे रहे पर्यटक, रेंगती रहीं गाड़ियां
शनिवार की रात मनाली के पर्यटन स्थलों और प्रमुख रास्तों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं। जाम में फंसे एक पर्यटक ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया, "हम यहां पिछले एक घंटे से फंसे हुए हैं और गाड़ियां बहुत धीमी गति से आगे बढ़ रही हैं। हमें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, प्रशासन को ट्रैफिक पर नियंत्रण करना चाहिए"। वीकेंड की वजह से उमड़ी इस अचानक भीड़ ने पहाड़ी रास्तों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। वहीं एक पर्यटक से एक वीडियो साझा कर अपनी परेशानी बयां की है। उसका कहना है कि वह मनाली-कीरतपुर नेशनल हाइवे पर टनल में पिछले दो घंटे से फंसा हुआ है।
उधर प्रशासन और पुलिस विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि पर्यटक अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का उपयोग कम करें तथा ट्रैफिक नियमों का पालन करें। पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं ताकि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।
#WATCH | Manali, Himachal Pradesh: Traffic congestion and slow vehicular movement witnessed in Manali as people throng to hilly areas to get some respite from the scorching heat. (24.05) pic.twitter.com/pJJH6rVSSj
— ANI (@ANI) May 25, 2026
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में 'रेड अलर्ट' जैसी गर्मी
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के बड़े हिस्सों में लू (Heatwave) का कहर अभी जारी रहेगा। विशेष रूप से पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 27 मई के बीच भीषण लू चलने की संभावना जताई गई है। वहीं, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी 28 मई तक सूरज की तपिश कम होने के आसार नहीं हैं।
इन राज्यों में भी बरसेगी 'आग'
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, गर्मी का यह सितम केवल उत्तर भारत तक सीमित नहीं है। विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश के साथ-साथ कुछ हिमालयी राज्यों के हिस्सों में भी आने वाले दिनों में लू चलने की आशंका है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश में 28 मई के बीच भीषण गर्मी की स्थिति बनी रहेगी।
