बंगाल में लोकसभा उम्मीदवारों ने सड़को पर मनाई होली, आम लोगों को लगाया रंग

punjabkesari.in Monday, Mar 25, 2024 - 06:20 PM (IST)

नेशनल डेस्क : रंगों के त्योहार होली के अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के उम्मीदवारों ने स्थानीय लोगों के साथ सड़कों पर होली मनाई और उनसे संपर्क साधने की कोशिश की। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), माकपा और अन्य दलों के कई नेताओं ने सड़कों पर आम लोगों के साथ रंगों का त्योहार मनाया, जिसे पश्चिम बंगाल में ‘डोल यात्रा' के नाम से जाना जाता है।

बैरकपुर निर्वाचन क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार पार्थ भौमिक ने होली का जश्न मनाते हुए एक जुलूस में ‘ढोल' बजाया, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा के अर्जुन सिंह पूजा करने के लिए नैहाटी में बोरो मां काली मंदिर गए। माकपा के युवा नेता सृजन भट्टाचार्य भी जादवपुर निर्वाचन क्षेत्र के बाघा जतिन इलाके में सड़कों पर लोगों के साथ होली खेली। अधिकतर नेता कोई राजनीतिक झंडा या बैनर लिए बिना सड़कों पर थे।

इस अवसर पर भाजपा पार्षद सजल घोष ने कहा, ‘‘आज जश्न का दिन है और कुछ नहीं।'' राज्य में मंत्री सोभनदेब चट्टोपाध्याय ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में स्थानीय लोगों के साथ होली गीत गाए और लोगों ने उन्हें ‘गुलाल' लगाया। हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल हुए तापस रॉय को पार्टी (भाजपा) ने रविवार को कोलकाता उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया था। रॉय ने भी लोगों के बीच जाकर रंगों का त्योहार मनाया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Recommended News

Related News