''बैटल ऑफ लोंगेवाला'' के हीरो को आखिरी सलाम- 7 घंटे फायरिंग कर 25 PAK सिपाहियों को किया था ढेर

punjabkesari.in Tuesday, Dec 20, 2022 - 10:28 AM (IST)

नेशनल डेस्क: राजस्थान की लौंगेवाला चौकी पर 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में अदम्य साहस और असाधारण वीरता दिखाने वाले सीमा सुरक्षा बल (BSF) के पूर्व जवान भैरों सिंह राठौड़ का 81 साल की आयु में जोधपुर में निधन हो गया। भारत-पाकिस्तान के युद्ध पर बनी बॉलीवुड की लोकप्रिय फिल्म ‘बॉर्डर’ में अभिनेता सुनील शैट्टी ने उनकी भूमिका निभाई थी। सीमा सुरक्षा बल ने ट्वीट किया कि जांबाज भैरों सिंह राठौड़ ने सोमवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) जोधपुर में अंतिम सांस ली। 1971 के भारत-पाक युद्ध में दुश्मनों के दांत खट्टे करने वाले भैरों सिंह को 1972 में सेना पदक मिला था। वह 1987 में बी.एस.एफ. से रिटायर हुए थे।

 

16 दिसंबर को भारत-पाक युद्ध के 51 वर्ष पूरे हुए थे तो उस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परिवार से बातचीत कर भैरों सिंह के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने पिछले वर्ष दिसंबर में जैसलमेर में राठौड़ से मुलाकात की थी। उस समय वह बी.एस.एफ. के स्थापना दिवस समारोह के लिए सीमावर्ती शहर गए थे। भैरों सिंह को थार रेगिस्तान में लौंगेवाला चौकी पर तैनात किया गया था जो BSF की एक छोटी टुकड़ी की कमान संभाल रहे थे। इसके साथ सेना की 23 पंजाब रैजीमैंट की एक कंपनी थी जिसका नेतृत्व मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी कर रहे थे।

 

इन टुकड़ियों ने 5 दिसंबर, 1971 को इसी स्थान पर पाकिस्तानी ब्रिगेड और टैंक रैजीमैंट को ध्वस्त किया था। 1971 के युद्ध में पंजाब रैजीमैंट के 23 जवानों में से एक मारा गया था तो लांस नायक भैरों सिंह ने अपनी लाइट मशीनगन उठा ली। इसके बाद आगे बढ़ते दुश्मन पर ताबड़तोड़ हमले कर उनकी कमर तोड़ दी थी। भैरों सिंह ने लगातार 7 घंटे तक फायरिंग की और पाकिस्तानी फौज के 25 से अधिक फौजियों को अकेले ही मौत की नींद सुला दिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Related News