लालू-राहुल की मुलाकात पर शाह का तंज, नहीं दे सकती कांग्रेस भ्रष्टाचार मुक्त सरकार

punjabkesari.in Monday, Apr 30, 2018 - 07:42 PM (IST)

नेशनल डेस्कः कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी चरम पर है। राज्य की 224 सीटों पर 12 मई को एक चरण में चुनाव होने हैं। इसी के मद्देनजर सोमवार को कर्नाटक पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने एम्स में राहुल गांधी की लालू यादव से मुलाकात पर निशाना साधा है।

बीजेपी अध्यक्ष ने एक जनसभा में कहा कि राहुल गांधी लालू यादव से मिलने जाते हैं। वे 2019 के लोकसभा चुनाव में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों के बावजूद लालू का समर्थन चाहते हैं। उन्होंने राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग उनके जैसे लोगों का समर्थन चाहते हैं। वे कर्नाटक में भ्रष्टाचार मुक्त सरकार नहीं दे सकते हैं। बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को एम्स जाकर लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। 


अमित शाह ने आगे बोलते हुए कहा कि पूरे बेंगलुरु को हैरिस, जॉर्ज और रोशन बेग के हवाले कर दिया है, अगर इनसे राज्य को मुक्ति दिलानी है तो कर्नाटक में भाजपा की सरकार बनानी पड़ेगी। बकौल शाह- भारत में "एक जीवंत लोकतंत्र और एक जीवंत संविधान" है। कांग्रेस के "संविधान बचाओ" में कुछ नहीं है। यह लोकतंत्र के शासन पर राजवंश शासन को कायम रखने की कोशिश करता है।

 


कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने पार्टी के स्टार प्रचारकों के साथ मैदान में उतरने की पूरी तैयारी कर ली है। इन स्टार प्रचारकों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रमुख हैं। पीएम मोदी कर्नाटक में 5 दिन में 15 रैलियां करेंगे। वहीं बीजेपी के अध्यक्ष 30 जनसभाओं को संबोधित करेंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ की कर्नाटक में 20 जनसभाएं प्रस्तावित हैं।

गौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा की 224 सीटों पर 12 मई को एक ही चरण में मतदान होगा और 15 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Yaspal

Related News