त्रिवेंद्र सरकार के खिलाफ अनशन पर बैठेंगे  कुंजवाल

punjabkesari.in Tuesday, Sep 05, 2017 - 06:28 PM (IST)

नैनीताल: उत्तराखंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष एवं जागेश्वर विधानसभा के सदस्य गोविन्द सिंह कुंजवाल ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को चुनौती देते हुए कहा यदि मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत एवं उनकी सरकार द्वेषपूर्ण रवैया नहीं त्यागती है तो उन्हें सरकार के खिलाफ आमरण अनशन करने को मजबूर होना पड़ेगा। कुंजवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार का रवैया द्वेषपूर्ण है। वह द्वेषपूर्ण भावना से काम कर रही है।

वर्तमान सरकार ने जागेश्वर विधानसभा में विकास कार्यों को ठप कर दिया। इससे पूर्व सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत पेयजल योजनाओं एवं सड़कों के निर्माण कार्य के बजट पर सरकार ने एकदम रोक लगा दी है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में जब से भाजपा की सरकार आई है जागेश्वर विधानसभा में विकास कार्य ठप पड़ गए हैं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सरकार जानबूझकर जागेश्वर विधानसभा के साथ ऐसा व्यवहार कर रही है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने 25 अक्टूबर तक विकास कार्यों के लिए बजट स्वीकृत नहीं किया तो वह सरकार के खिलाफ आमरण अनशन पर बैठने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि वह 25 अक्टूबर के बाद अल्मोड़ा के जिलाधिकारी कार्यालय में अनशन पर बैंठेगे।

उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार आने के बाद पूरे प्रदेश में विकास कार्य ठप हो गए हैं। विकास के नाम पर सत्ता हासिल करने वाली सरकार का असली चेहरा उजागर हो गया है। भाजपा प्रदेश को नेतृत्व देने में नाकाम रही है। प्रदेश की जनता भाजपा से तंग आ गई है। किसान परेशान है और आत्महत्या करने को मजबूर हैं। युवा परेशान है। डबल इंजन के नाम पर जनता के साथ धोखा किया गया है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News