TMC की शहीद दिवस रैली में पहुंचे मेनका और वरुण गांधी, ममता की पार्टी में शामिल होने की अटकलें

punjabkesari.in Thursday, Jul 21, 2022 - 02:17 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में गुरुवार को सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) की शहीद दिवस रैली हो रही है। इसमें हिस्सा लेने के लिए TMC के लाखों कार्यकर्ता कोलकाता में जुटे हुए हैं। ममता बनर्जी इस रैली को संबोधित करेंगी। इस बीच भाजपा सांसद वरुण गांधी के भी कोलकाता पहुंचने की खबर है। बताया जा रहा है कि वरुण गांधी के साथ उनकी मां मेनका गांधी भी पहुंची हैं।

 

ऐसे में अटकलें शुरू हो गई हैं क्या दोनों टीएमसी में शामिल होने वाले हैं। हालांकि, इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं कर रहा है लेकिन अफवाहों का बाजार गर्म है। रैली के दौरान भाजपा के तीन विधायकों के भी तृणमूल में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। बता दें कि वरुण गांधी भाजपा से सांसद होते हुए भी पिछले कई महीनों से लगातार अपनी ही पार्टी की नीतियों पर सवाल उठा रहे हैं। अग्निपथ योजना हो, संसद में असंसदीय भाषा का उपयोग का विरोध या भी बढ़ती मंहगाई हो वरुण गांधी कई मुद्दों पर अपनी ही सरकार को घेरते दिखे। 

 

शहीद दिवस रैली में बड़ी संख्या में उमड़े लोग

टीएमसी के यह वार्षिक रैली कोरोना वायरस महामारी के कारण दो साल के अंतराल के बाद हो रही है। इसके लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। टीएमसी के उत्साहित समर्थकों ने ट्रेनों, बसों तथा निजी वाहनों से सुबह चार बजे से ही घटनास्थल पर पहुंचना शुरू कर दिया। इनमें से कई लोग रैली के लिए दो दिन पहले ही शहर में पहुंच गए हैं।

 

इस साल यह रैली इसलिए भी खास है क्योंकि यह 2021 के विधानसभा चुनावों में टीएमसी की शानदार जीत और लगातार तीसरी बार पार्टी के सत्ता में लौटने के बाद पहली बार आयोजित की जा रही है। टीएमसी 1993 में तत्कालीन वाम मोर्चे की सरकार के खिलाफ युवा कांग्रेस की रैली पर पुलिस की गोलीबारी में मारे गए 13 लोगों की याद में हर साल 21 जुलाई को शहीद दिवस मनाती है। इस घटना के वक्त ममता बनर्जी युवा कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष थीं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Seema Sharma

Recommended News

Related News