Gold- Silver Price Carsh: सोने-चांदी की कीमतों में लगातार भारी गिरावट, खरीदने से पहले इन बातों का रखें ध्यान
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 03:50 PM (IST)
Gold- Silver Price Carsh: सराफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट का सिलसिला जारी रहा। आज सोमवार को सोने के भाव में प्रति 10 ग्राम पर तकरीबन 2,289 रुपये की कमी दर्ज की गई, जिसके बाद 24 कैरेट शुद्ध सोने की कीमत 1, 45,464 रुपये के स्तर पर आ गई।

चांदी की कीमतों में भी आया क्रैश
सोने से ज्यादा चांदी की कीमतों में गिरावट हुई है। सोमवार को चांदी 18,355 रुपये तक सस्ती हुई। कम हुई कीमतों के बाद इसका दाम घटकर 2,47,297 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। हैरानी की बात यह है कि दो दिन पहले चांदी 4 लाख रुपये के रिकॉर्ड स्तर को छू रही थी।
सोने- चांदी कीमतें कम होने के साथ ही लोग इसे खरीद कर रखना पसंद करते हैं। ऐसे में जल्दबाजी करने पर आप ठगी का शिकार भी बन सकते हैं। आइए जानते हैं गोल्ड- सिल्वर खरीदने से पहले कौन सी बातों का ध्यान रखना चाहिए।
इन 5 बातों का रखें खास ध्यान
- BIS हॉलमार्क की अनिवार्यता: सोने की तरह चांदी पर भी भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) का हॉलमार्क जरूर देखें। हॉलमार्क वाली चांदी न केवल शुद्धता की गारंटी देती है, बल्कि भविष्य में इसे बेचने पर आपको सही कीमत भी दिलाती है।
- ग्रेड और नंबरों का खेल: चांदी खरीदते समय उसके ग्रेड पर ध्यान दें। सिक्कों और ईंटों के लिए 9999 या 9995 (99.9% शुद्ध) ग्रेड सबसे अच्छा है। वहीं, गहनों के लिए 925 ग्रेड (स्टर्लिंग सिल्वर) सही माना जाता है, जिसमें 92.5% शुद्ध चांदी होती है।
- मेकिंग चार्ज की तुलना: गहनों की कीमत पर 10-20% तक मेकिंग चार्ज लग सकता है। अलग-अलग दुकानों पर मेकिंग चार्ज अलग हो सकते हैं, इसलिए खरीदारी से पहले दो-तीन जगहों से रेट जरूर मिला लें।
- जर्मन सिल्वर से रहें सावधान: आजकल 'जर्मन सिल्वर' के बर्तन और मूर्तियां काफी चलन में हैं, लेकिन ध्यान रहे कि इसमें असली चांदी नहीं होती। यह तांबे या पीतल पर की गई पॉलिश मात्र है। चांदी के नाम पर जर्मन सिल्वर खरीदना आपके लिए घाटे का सौदा हो सकता है।
- पक्का बिल ही है असली सुरक्षा: हमेशा पक्का बिल लें जिसमें वजन, शुद्धता (कैरेट/ग्रेड), मेकिंग चार्ज और 3% GST का स्पष्ट उल्लेख हो। बिना बिल के की गई खरीदारी भविष्य में आपके निवेश की वैल्यू शून्य कर सकती है।

