अनोखा करवाचौथ: एक ही पति के लिए दो पत्नियों ने रखा व्रत, दोनों ने साथ की करवाचौथ पूजा

punjabkesari.in Friday, Oct 30, 2026 - 12:28 PM (IST)

आगराः करवाचौथ पर जहां महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं, वहीं आगरा के एत्माद्दौला क्षेत्र में एक परिवार की कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक ही घर में रहने वाली दो पत्नियों ने अपने पति की लंबी उम्र के लिए करवाचौथ का व्रत रखा। दोनों ने साथ मिलकर पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे के साथ व्रत खोला। खास बात यह है कि दोनों के बीच आपसी मनमुटाव के बजाय बहनों जैसा रिश्ता है।

नगला बिहारी निवासी 29 वर्षीय रामबाबू निषाद की शादी वर्ष 2015 में फतेहाबाद के टोडा निवासी 26 वर्षीय सियादेवी निषाद से हुई थी। दोनों की तीन बेटियां हैं। इसके बाद वर्ष 2023 में रामबाबू ने नुनिहाई निवासी आस्था से प्रेम विवाह कर लिया। शुरुआत में इस रिश्ते को लेकर सियादेवी ने नाराजगी जताई थी, लेकिन आपसी बातचीत और समझौते के बाद परिवार में स्थिति सामान्य हो गई।

अब दोनों पत्नियां एक ही घर में रहती हैं और घरेलू जिम्मेदारियां मिल-जुलकर संभालती हैं। परिवार में आपसी तालमेल की एक मिसाल तब देखने को मिली, जब 18 अक्टूबर को आस्था ने बेटे को जन्म दिया। इस दौरान सियादेवी ने अस्पताल से आस्था के घर लौटने तक परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने आस्था का साथ बड़ी बहन की तरह दिया।

कांच और प्लास्टिक की बोतलें बनाने के कारोबार के साथ संपत्ति के क्रय-विक्रय से जुड़े रामबाबू का कहना है कि किसी भी रिश्ते को बेहतर बनाए रखने के लिए आपसी बातचीत, समझदारी और सम्मान जरूरी है। उनका मानना है कि इसी से परिवार में तालमेल बना रहता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sahil Kumar

Related News