कर्नाटक में बारिश का तांडव: शिवमोग्गा में भीषण भूस्खलन, सो रहे एक ही परिवार के 3 लोगों की दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 09:59 AM (IST)
कर्नाटक : कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश आफत बनकर टूटी है। मलनाड क्षेत्र में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात भीषण भूस्खलन (Landslide) होने से एक ही परिवार के 3 सदस्यों की मलबा नीचे दबने से मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनका तीन साल का मासूम बेटा शामिल है। पुलिस और आपातकालीन सेवा टीमों ने मौके पर पहुंचकर मलबे से तीनों शवों को बाहर निकाल लिया है।
मृतकों की पहचान मल्लिकार्जुन (35), उनकी पत्नी नागवेणी (28) और उनके तीन वर्षीय बेटे संतोष के रूप में हुई है। ये लोग कोप्पल जिले के गंगावती तालुक के कोक्करेगारु गांव के निवासी थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार ये परिवार अपने घर में सो रहा था तभी रविवार देर रात करीब 2.30 बजे पहाड़ी का एक हिस्सा उनके कच्चे मकान पर गिर गया।
यह भी पढ़ें: इंस्टाग्राम पर हसीना बनकर करते थे चैटिंग, बातों में फंसाकर मिलने के लिए बुलाते, फिर ऐसे हुआ...
सूत्रों ने बताया कि पास के एक अन्य मकान में रहा एक अन्य व्यक्ति भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा विभाग तथा पुलिसकर्मियों ने बचाव अभियान के दौरान मलबे के नीचे से तीनों शव बरामद किए।
पुलिस के अनुसार मलनाड क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पहाड़ी ढह गई जिससे यह दुखद हादसा हुआ और एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई।
