JP नड्डा आज हिमाचल दौरे पर जाएंगे, बाढ़ से मची तबाही का जायजा लेंगे, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें

punjabkesari.in Friday, Jul 14, 2023 - 05:26 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा शुक्रवार को अपने गृह राज्य हिमाचल प्रदेश का दौरा करेंगे और वहां के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ के कारण मची भीषण तबाही और जान-माल के नुकसान का जायजा लेंगे। पार्टी की ओर से जारी एक बयान में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई। उनके इस दौरे के दौरान हिमाचल प्रदेश विधान सभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल भी साथ रहेंगे। बयान के मुताबिक नड्डा शुक्रवार को सुबह 10 बजे मंडी पहुंचेंगे और जिले के विभिन्न बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे।
 

मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
सिसोदिया की जमानत याचिका पर आज होगी सुनवाई

उच्चतम न्यायालय दिल्ली आबकारी नीति मामले और उससे उत्पन्न धनशोधन मामले में आम आदमी पार्टी (आप) नेता मनीष सिसोदिया की जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई करेगा। शीर्ष अदालत की वेबसाइट पर अपलोड की गई वाद सूची के अनुसार, न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति बेला एम. त्रिवेदी की पीठ दिल्ली उच्च न्यायालय के अलग-अलग आदेशों को चुनौती देने वाली उनकी याचिकाओं पर सुनवाई करेगी। उच्च न्यायालय ने इन मामलों में उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया था।

महाराष्ट्र कैबिनेट में आज विस्तार की संभावना
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार और विभागों का बंटवारा शुक्रवार को होने की संभावना है, लेकिन पार्टी के विरोधी धड़े शिवसेना (यूबीटी) ने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले गुट के विधायकों को नए मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने पर संदेह जताया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार और उनकी पार्टी के आठ अन्य विधायकों ने दो जुलाई को महाराष्ट्र सरकार के मंत्रियों के तौर पर शपथ ग्रहण की थी। इस आश्चर्यजनक कदम के कारण शरद पवार नीत राकांपा में फूट पड़ गई।

CM केजरीवाल के घर तक पहुंचा यमुना का पानी
यमुना में जलस्तर के 208.48 मीटर तक पहुंचने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने वीरवार को उन इलाकों में स्कूलों को बंद करने की घोषणा की, जहां पानी भर गया है। वहीं, यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है बता दें कि अब पानी आउटर रिंग रोड से होते हुए सिविल लाइंस की तरफ बढ़ने लगा है।  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर यमुना का पानी पहुंच गया है। इससे पहले केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘‘ दिल्ली के जिन इलाकों में पानी भर रहा है वहां पर सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद किए जा रहे हैं।''

‘अग्निपथ' योजना के खिलाफ उत्तराखंड में पदयात्रा निकालेगी कांग्रेस
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी की उत्तराखंड इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ बृहस्पतिवार को बैठक की जिसमें यह फैसला किया गया कि पार्टी सेना में भर्ती से जुड़ी ‘अग्निपथ' योजना के खिलाफ पूरे राज्य में पदयात्रा निकालेगी। कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा भी इस पदयात्रा का हिस्सा बनेंगे।

तीर्थयात्रियों का एक और जत्था अमरनाथ मंदिर के लिए  हुआ रवाना
पिछले कई दिनों से भारी बारिश और लैंडस्लाइड के चले स्थगित हुई अमरनाथ यात्रा के बाद अब एक बार फिर से यात्रा शुरू हो गई है और अब तक का सबसे बड़ा 9,200 से अधिक तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ मंदिर के लिए गुरुवार तड़के यहां आधार शिविर से रवाना हुआ। जहां 6,035 तीर्थयात्री 194 वाहनों के काफिले में पहलगाम के लिए रवाना हुए।

'सीमा हैदर को PAK नहीं भेजा तो 26/11 जैसे हमले होंगे'
मुंबई के ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम को एक धमकी भरी फोन कॉल आई, जिसमें 26/11 हमले जैसा आतंकी हमला करने की धमकी दी गई। धमकी देने वाले शख्स ने उर्दू भाषा में कहा कि, 'अगर सीमा हैदर वापिस नहीं आईं तो भारत बर्बाद हो जाएगा। फोन करने वाले ने 26/11 जैसा आतंकवादी हमला करने की धमकी दी है और कहा कि इसके लिए उत्तर प्रदेश की सरकार जिम्मेदार होगी। जानकारी के मुताबिक यह कॉल 12 जुलाई को मंबई पुलिस के कंट्रोल रूम को मिली थी, इस मामले पर जांच जारी है। मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम जांच कर रही है।

बारिश और बाढ़ ने थामें रेलगाड़ियों के चक्के
देश के कई राज्यों में मानसूनी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। भारी बारिश और बाढ़ के कारण लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और यातायात पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। इसी बीच रेलवे ने बयान जारी किया है कि पटरियों पर जलभराव के कारण 7 जुलाई से 15 जुलाई के बीच 600 से अधिक मेल/एक्सप्रेस ट्रेन, 500 यात्री ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। रेलवे ने बताया कि पटरियों पर जलभराव के कारण सात जुलाई से 15 जुलाई के बीच लगभग 300 मेल/एक्सप्रेस ट्रेन, 406 यात्री ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं।

26 जुलाई को पेश हों केजरीवाल और संजय सिंह
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की डिग्री को लेकर "व्यंग्यात्मक" और "अपमानजनक" बयानों से संबंधित आपराधिक मानहानि के मामले में यहां की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को 26 जुलाई को अपने समक्ष पेश होने का निर्देश दिया। आम आदमी पार्टी (आप) के दोनों नेताओं के खिलाफ मामला गुजरात विश्वविद्यालय (जीयू) की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया था। यहां की एक मेट्रोपोलिटन अदालत ने पूर्व में दोनों नेताओं को बृहस्पतिवार (13 जुलाई) को अपने समक्ष पेश होने का निर्देश दिया था।

अभी जेल में ही रहेंगे NCP नेता नवाब मलिक
बंबई हाई कोर्ट ने धनशोधन के एक मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) नेता नवाब मलिक को चिकित्सकीय आधार पर जमानत देने से वीरवार को इनकार कर दिया। धनशोधन के इस मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ED) कर रहा है। ईडी ने मलिक को भगोड़े गैंगस्टर दाउद इब्राहिम और उसके सहयोगियों के बीच कथित गठजोड़ के एक मामले में फरवरी 2022 में गिरफ्तार किया था। राकांपा नेता न्यायिक हिरासत में हैं और यहां एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News