जेपी नड्डा आज करेंगे भाजपा के ''नहीं सहेगा राजस्थान'''' आंदोलन की शुरुआत, मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें
punjabkesari.in Sunday, Jul 16, 2023 - 04:30 AM (IST)

नेशनल डेस्कः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भाजपा के राजस्थान में हर दिन महिला उत्पीडन, हत्या और दुष्कर्म के बढते मामलों और दलित उत्पीडन को लेकर शुरु होने वाले ‘‘नहीं सहेगा राजस्थान'' आंदोलन की रविवार को जयपुर में शुरुआत करेंगे।
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में पढ़ें देश की बड़ी खबरें-
ईबीआरडी प्रमुख जी20 बैठक में सुधारों के एजेंडा पर करेंगी चर्चा
यूरोपीय पुनर्गठन एवं विकास बैंक (ईबीआरडी) की अध्यक्ष ओडिले रेनॉ-बासो की रविवार से शुरू हो रही भारत यात्रा के दौरान जी20 देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक के अलावा बहुपक्षीय विकास बैंकों में सुधार का एजेंडा भी चर्चा में रहने की संभावना है। रेनॉ-बासो अपनी भारत यात्रा की शुरुआत रविवार को गांधीनगर में जी20 देशों के वित्त मंत्रियों एवं केंद्रीय बैंकों के गवर्नरों की बैठक से करेंगी।
मोदी सरनेम मामले में सुप्रीम कोर्ट पहुंचे राहुल गांधी, सजा पर रोक लगाने के लिए दाखिल की अर्जी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुजरात उच्च न्यायालय के सात जुलाई के आदेश को चुनौती देते हुए शनिवार को उच्चतम न्यायालय का रुख किया। गुजरात उच्च न्यायालय ने ‘‘मोदी उपनाम'' वाली टिप्पणी को लेकर आपराधिक मानहानि मामले में राहुल गांधी की दोषसिद्धि के फैसले पर रोक लगाने का अनुरोध करने संबंधी उनकी याचिका सात जुलाई को खारिज कर दी थी।
विपक्ष की बैठक से पहले अध्यादेश विवाद पर कांग्रेस ने दिए यह संकेत, केजरीवाल को खुश करने की कोशिश
विपक्षी एकता की दूसरी बैठक से पहले कांग्रेस ने बड़ा फैसला किया है। कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि वह अध्यादेश विवाद में आम आदमी पार्टी का साथ दे सकती है। कांग्रेस का कहना है कि वह केंद्र सरकार द्वारा राज्यपालों के माध्यम से संघीय ढांचे पर किए जा रहे हमले के मुद्दे को संसद में उठाएगी।
उड़ते विमान में दहशत में आए पैसेंजर्स...सनकी यात्री ने खोल दिया इमरजेंसी गेट! धारा 336 के तहत FIR दर्ज
फ्लाइट में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। एक बार फिर से इंडिगो की फ्लाइट में सवार एक 40 साल के यात्री ने सभी पैसेंजर्स की सुरक्षा को खतरे में डाल दिया। दरअसल, 8 जुलाई को हैदराबाद से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सवार एक 40 साल के यात्री फुरकान हुसैन ने उड़ान भरने के दौरान विमान का इमरजेंसी एग्जिट गेट का कवर खोल दिया जिसके बाद फ्लाइट में अफरातफरी बन गई।
भाजपा ने चिराग और मांझी को एनडीए की बैठक में शामिल होने का दिया न्योता
भाजपा ने लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान और हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी को औपचारिक रूप से NDA में शामिल होने का न्योता भेजा है। 18 जुलाई को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बैठक में शामिल होने के लिए पत्र लिखकर आमंत्रित किया है।
सीएम कार्यालय पर टिप्पणी मामले में संजय राउत को नोटिस, मुंबई पुलिस ने मांगे सबूत
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) पर टिप्पणी को लेकर शिवसेना (यूटीबी) के नेता संजय राउत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने सीएमओ पर जेल में बंद अपराधियों से डील करने के आरोपों पर उद्धव ठाकरे गुट के सांसद संजय राउत को नोटिस जारी किया है। क्राइम ब्रांच ने संजय राउत से सबूत जमा करने को कहा है।
मणिपुर पर यूरोपीय संसद ने चर्चा की, लेकिन प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं बोला : राहुल गांधी का बीजेपी पर हमला
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यूरोपीय संघ की संसद में भारत के आंतरिक मामले मणिपुर पर चर्चा हुई, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक शब्द नहीं बोला। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मणिपुर जल रहा है। यूरोपीय संघ की संसद ने भारत के आंतरिक मामले पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने एक शब्द नहीं बोला। इस बीच, राफेल के जरिए बैस्टिल दिवस परेड का टिकट मिल गया।''