जेपी नड्डा ने स्वास्थ्य मंत्री का पद संभाला, कहा- 100 दिन के एजेंडे पर ध्यान केंद्रित करें अधिकारी

punjabkesari.in Tuesday, Jun 11, 2024 - 03:18 PM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का पदभार संभाल लिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने के एक दिन बाद सोमवार को नड्डा को स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ-साथ रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय भी आवंटित किया गया। पिछली मोदी सरकार में दोनों मंत्रालयों का कार्यभार मनसुख मांडविया के पास था।

नड्डा ने कार्यभार संभालने के बाद स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल और प्रतापराव जाधव के साथ स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की। ऐसा माना जा रहा है कि नड्डा ने अधिकारियों से पहले 100 दिनों के लिए सरकार के एजेंडे पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। अधिकारियों से 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों को आयुष्मान भारत योजना के दायरे में लाने को कहा गया है। नड्डा ने मोदी सरकार के पहले कार्यकाल के दौरान स्वास्थ्य मंत्रालय संभाला था, उसके बाद 2019 में उन्हें भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष का पद सौंपा गया और जनवरी 2020 में अमित शाह के केंद्रीय गृह मंत्री के रूप में नियुक्त होने के बाद नड्डा को पूर्ण रूप से पार्टी अध्यक्ष बना दिया गया।
 

भाजपा अध्यक्ष के रूप में नड्डा का कार्यकाल जनवरी में समाप्त हो चुका है। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनावों के लिए उनके कार्यकाल में छह महीने का विस्तार दिया गया था। भाजपा अध्यक्ष के रूप में नड्डा का कार्यकाल जून में समाप्त हो रहा है। नड्डा (63) ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। वह 1991 में भाजपा की युवा शाखा भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के अध्यक्ष बने। नड्डा के पास कानून की डिग्री है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Related News