नजीब की मां ने राजनाथ से लगाई गुहार
punjabkesari.in Tuesday, Nov 08, 2016 - 02:45 PM (IST)

नई दिल्ली: जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के लापता छात्र नजीब अहमद की मां और बहन ने यहां गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मिलकर उसका पता लगाने की गुहार लगाई। नजीब अहमद 15 अक्टूबर से लापता है। इससे पहले उसका विश्वविद्यालय के कुछ छात्रों के साथ झगड़ा हुआ था। दिल्ली पुलिस ने उसका पता लगाने के लिए विशेष टीम बनाई है । सिंह ने नजीब की मां को आश्वासन दिया है कि पुलिस उनके बेटे का पता लगाने के लिए हर संभव कदम उठाएगी।
गृह मंत्री से मिलने के बाद नजीब की बहन ने पत्रकारों से कहा कि नजीब एक आदर्श छात्र है और उसे बदनाम करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए । दिल्ली पुलिस को सही दिशा में मामले की जांच करनी चाहिए। ये दोनों इसी सिलसिले में आज दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग से भी मिलेंगी। रिपोर्टों के अनुसार नजीब अहमद पिछले कुछ समय से अवसाद से ग्रसित था और उसका उपचार चल रहा था। पुलिस को आशंका है कि संभवत: वह अपने आप से कहीं चला गया है।