खुलासा: जम्मू में हैं बेरोजगार, कश्मीर में रोजगार ज्यादा

punjabkesari.in Monday, Jan 15, 2018 - 07:13 PM (IST)

जम्मू  (बलराम): जम्मू संभाग के 10 जिलों में कश्मीर संभाग के 12 जिलों से कहीं ज्यादा बेरोजगार हैं, लेकिन फिर भी केंद्र और राज्य सरकार कश्मीर को ध्यान में रखकर ही विभिन्न विभागों में भर्तियां करती रही है। यही कारण है कि जम्मू-कश्मीर लोक सेवा आयोग और कर्मचारी चयन बोर्ड पर अक्सर जम्मू की अनदेखी करने के आरोप लगते रहे हैं। 
राज्य के श्रम एवं रोजगार विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार विभाग के पास जम्मू संभाग में 45821 पंजीकृत बेरोजगार हैं, जबकि कश्मीर संभाग में पंजीकृत बेरोजगारों की तादाद 42219 है, जिसमें लद्दाख क्षेत्र के लेह एवं कारगिल जिलों के 5867 बेरोजगार भी शामिल है। इस प्रकार कश्मीर घाटी के 10 जिलों में पंजीकृत बेरोजगारों की संख्या केवल 36352 है। 

सरकारी आंकड़ों में केवल 390 अनपढ़ बेरोजगार
राज्य सरकार के आंकड़ों में कुल 88040 बेरोजगार युवाओं में से केवल 390 अनपढ़ ही बेरोजगार हैं। इसका कारण यह है कि अनपढ़ लोग सरकार के जिला रोजगार एवं परामर्श केंद्र में बहुत कम पंजीकरण करवाते हैं। शायद उन्हें लगता है कि जब सरकार उच्च शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार नहीं दे पा रही है, तो उन्हें कैसे रोजगार दे पाएगी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार मिडल पास बेरोजगारों की संख्या 5357, मैट्रिक पास की संख्या 21530, प्री यूनिवर्सिटी कोर्स पास की संख्या 995, 3 डिग्री कोर्स पास की संख्या 26213, ग्रेजुएट की संख्या 17351, पोस्ट ग्रेजुएट की संख्या 6586, डिप्लोमा होल्डर की संख्या 3286, प्रोफैशनल एवं टैक्नीकल डिग्री होल्डर की संख्या 2877, ड्राफ्ट्समैन की संख्या 153, आई.टी.आई ट्रेड की संख्या 2104 और आई.टी.आई. के अलावा स्किल्ड बेरोजगारों की संख्या 1198 है। 
 
जिलावार बेरोजगारों का विवरण
जम्मू संभाग
जिला            बेरोजगारों की संख्या
जम्मू            11072
कठुआ        8511
साम्बा            7170
राजौरी         5065
पुंछ            3241
ऊधमपुर        2976
रियासी        2367
डोडा            2081
रामबन        1305
किश्तवाड़        2033
कुल            45821

कश्मीर घाटी
जिला            बेरोजगारों की संख्या
श्रीनगर        5985
गंदरबल        2453
बडगाम        1188
अनंतनाग        6415
कुलगाम        5496
पुलवामा        2987
शोपियां        4594
बारामूला        3358
बांडीपुरा        2020
कुपवाड़ा        1856
कुल            36352

लद्दाख क्षेत्र
जिला            बेरोजगारों की संख्या
लेह            2321
कारगिल        3546
कुल            5867


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News