पूर्व भारतीय क्रिकेटर हुए गिरफ्तार, रात को करीब ढाई बजे शराब के नशे में 3 कारों को मारी टक्कर
punjabkesari.in Wednesday, Jan 28, 2026 - 03:26 PM (IST)
Jacob Martin Arrested: भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुके पूर्व खिलाड़ी जैकब मार्टिन एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। वडोदरा पुलिस ने उन्हें नशे की हालत में कार चलाने और सड़क किनारे खड़ी तीन गाड़ियों को टक्कर मारने के मामले में गिरफ्तार किया है। यह घटना 27 जनवरी की देर रात की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह हादसा रात करीब 2:30 बजे वडोदरा के अकोटा इलाके के पुनीत नगर में हुआ। जैकब मार्टिन अपनी एसयूवी चला रहे थे और शराब के नशे में होने की वजह से उन्होंने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया। इसी दौरान उनकी कार एक मकान के बाहर खड़ी तीन कारों से जा टकराई। हादसे में गाड़ियों को नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद गाड़ियों के मालिकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के कुछ घंटों के भीतर ही पुलिस ने जैकब मार्टिन को हिरासत में ले लिया। उनकी कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने पुष्टि की है कि आरोपी उस समय नशे में थे।
Former India cricketer Jacob Martin (53) arrested in Vadodara after his car hit three vehicles; police say he was drunk. pic.twitter.com/OFH3S57NSJ
— Himanshu Pareek (@Sports_Himanshu) January 27, 2026
पहले भी विवादों में रह चुके हैं जैकब मार्टिन
यह पहली बार नहीं है जब जैकब मार्टिन का नाम किसी मामले में सामने आया हो। इससे पहले साल 2011 में भी उन्हें दिल्ली में मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। उस समय भी यह मामला काफी चर्चा में रहा था। अब एक बार फिर कानून से जुड़ी परेशानी ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
जैकब मार्टिन का क्रिकेट करियर
जैकब मार्टिन ने साल 1999 में भारतीय क्रिकेट टीम के लिए पदार्पण किया था। उन्हें सौरव गांगुली की कप्तानी में खेलने का मौका मिला और उन्होंने सचिन तेंदुलकर जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया। भारत के लिए उन्होंने कुल 10 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। इन मैचों की 8 पारियों में उन्होंने 158 रन बनाए। उनका औसत लगभग 22.5 रहा और उनका सर्वाधिक स्कोर 39 रन था। साल 2001 में केन्या के खिलाफ उन्होंने भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेला।
