Telangana Road Accident: बड़ा हादसा: महबूबनगर में बस-कंटेनर की टक्कर में 3 लोगों की मौत, 11 घायल

punjabkesari.in Saturday, Mar 07, 2026 - 09:18 AM (IST)

नेशनल डेस्क: तेलंगाना के महबूबनगर जिले में शनिवार (7 मार्च 2026) को एक गंभीर सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की जान चली गई, जबकि 11 अन्य यात्री घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब हैदराबाद से तिरुपति जा रही राज्य परिवहन की एक बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

अचानक अनियंत्रित हुई बस
पुलिस के मुताबिक दुर्घटना मूसापेट मंडल के कोम्मिरेड्डीपल्ली क्षेत्र के पास हुई। बताया जा रहा है कि तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (TGSRTC) की बस हैदराबाद से तिरुपति की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक चालक का बस पर नियंत्रण बिगड़ गया। बस डिवाइडर पार कर विपरीत दिशा में पहुंच गई और सामने से आ रहे कंटेनर लॉरी से सीधी टक्कर हो गई।


तीन लोगों की मौत
इस हादसे में कंटेनर लॉरी के चालक और उसके सहायक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस चालक को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। दुर्घटना के समय बस में कई यात्री सवार थे, जिनमें से 11 लोग घायल हो गए।


घायलों का अस्पताल में इलाज
घटना के तुरंत बाद पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और राहत कार्य शुरू किया। बस के अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए काफी प्रयास करना पड़ा। कुछ यात्री बस के अंदर ही फंस गए थे, जिन्हें आपातकालीन दरवाजे की मदद से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत महबूबनगर के सरकारी जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।


दुर्घटना की जांच शुरू
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को नियंत्रित किया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस चालक के वाहन से नियंत्रण खो देने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं प्रशासन ने अस्पताल को घायलों के इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Mansa Devi

Related News