Jabalpur Cyber Fraud: शादी का कार्ड क्लिक करते ही फल कारोबारी के उड़े 2.27 लाख

punjabkesari.in Thursday, May 07, 2026 - 12:03 PM (IST)

Jabalpur Cyber Fraud : डिजिटल दौर में मोबाइल बैंकिंग जितनी सुविधाजनक है उतनी ही जोखिम भरी भी है। जबलपुर में हाल ही में साइबर ठगी का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने सबको हैरान कर दिया है। ठगों ने अब शादी के कार्ड को हथियार बनाया है। सावरकर वार्ड निवासी एक फल कारोबारी सोनू गुप्ता के व्हाट्सएप पर शादी का कार्ड आया जिसे खोलते ही उनके खाते से 2 लाख 27 हजार रुपये साफ हो गए।

वहीं पुलिस ने बताया कि जैसे ही सोनू गुप्ता ने व्हाट्सएप पर आए 'डिजिटल वेडिंग कार्ड' की फाइल पर क्लिक किया उनके फोन में एक खतरनाक सॉफ्टवेयर (मालवेयर) अपने आप इंस्टॉल हो गया। इसके कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल का एक्सेस ठगों के पास चला गया और खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे। फिलहाल पीड़ित ने अब पुलिस और बैंक में इसकी शिकायत दर्ज कराई है।

यह भी पढ़ें: Delhi Encounter: प्रहलादपुर में मुठभेड़ के बाद वांछित अपराधी गिरफ्तार

इस मौके पर सीएसपी साइबर सेल, अंजुल अयंक मिश्रा ने बताया कि हाल के मामलों की जांच में यह सामने आया है कि ज्यादातर लोग बहुत आसान पासवर्ड रखते हैं। साइबर अपराधी आधुनिक सॉफ्टवेयर की मदद से ऐसे पासवर्ड को चंद सेकंड में क्रैक कर लेते हैं।

लोग अक्सर करते हैं ये गलतियां :

पहला यह कि अपना या परिवार के किसी सदस्य का नाम पासवर्ड में रखना। दूसरा ये कि मोबाइल नंबर या जन्मतिथि (Date of Birth) का इस्तेमाल करना। तीसरा, गाड़ी का नंबर या शादी की सालगिरह को पासवर्ड बनाना और '123456' या 'password' जैसे बेहद सरल शब्दों का उपयोग करना।

वहीं साइबर विशेषज्ञों के अनुसार आपकी छोटी सी सावधानी लाखों की चपत बचा सकती है। अपने बैंक और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर 2FA जरूर ऑन करें। इससे लॉगिन के समय पासवर्ड के साथ ओटीपी (OTP) की भी जरूरत पड़ेगी। पासवर्ड में हमेशा अक्षरों (Capital & Small), अंकों (Numbers) और स्पेशल कैरेक्टर्स (जैसे @, #, $) का मिश्रण रखें। हर 3 महीने में अपना नेट बैंकिंग और ईमेल पासवर्ड बदलें। व्हाट्सएप या ईमेल पर आए किसी भी अनजान लिंक या फाइल को बिना जांचे ओपन न करें भले ही वह शादी का कार्ड या लॉटरी का मैसेज लगे।

जबलपुर पुलिस ने दी यह चेतावनी

साइबर सेल ने नागरिकों को सलाह दी है कि अगर आपके साथ कोई ऑनलाइन ठगी होती है तो तुरंत 1930 नंबर पर कॉल करें या नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। डिजिटल सुरक्षा को गंभीरता से लेकर ही आप अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रख सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News