इटली से  33 गुलाम भारतीय छुड़ाए,  लाखों रुपए खर्च वर्क परमिट पर गए लेकिन..., बताए दर्दनाक हालात

punjabkesari.in Wednesday, Jul 17, 2024 - 04:38 PM (IST)

इंटरनेशनल डेस्कः  इटली में गुलामों की तरह काम कर रहे 33 भारतीयों को छुड़ाया गया है। ये भारतीय वहां बेहद ही दर्दनाक हालात में जीने को मजबूर थे।अमेरिकी मीडिया CNN के मुताबिक, इटली के खेतों में इन भारतीयों से एक दिन में 10 घंटे से ज्यादा समय तक काम करवाया जाता है। इन्हें कोई छुट्टी नहीं दी जाती थी और कई बार तनख्वाह भी रख ली जाती थी। CNN  की रिपोर्ट के मुताबिक वहां इन भारतीयों को टूटे-फूटे घर में रखा गया और उनके पासपोर्ट भी जब्त कर लिए गए थे। इटली की पुलिस ने भारतीयों को गुलाम बनाकर रखने के आरोप में 2 अन्य भारतीयों को गिरफ्तार कर इनके पास से 4.17 करोड़ रुपए बरामद किए हैं। पुलिस को आशंका है कि दोनों आरोपी अच्छी सैलेरी का लालच देकर भारतीयों को इटली लाए थे। उनके पास से जो पैसे बरामद हुए वह उन्हें सस्ते दाम में लेबर मुहैया कराने पर मिले थे।

PunjabKesari

 रिपोर्ट के मुताबिक छुड़ाए गए 33 भारतीयों ने इटली जाने और वहां वर्क परमिट (काम करने की इजाजत) हासिल करने के लिए 15.45 लाख रुपए चुकाए थे  इसके बावजूद उन्हें जो वर्क परमिट दिया गया वह जाली था। पुलिस ने बताया कि कई भारतीयों से 11.78 करोड़ रुपए और लिए गए थे। इसके बदले उन्हें परमानेंट वर्क परमिट देने का लालच दिया गया था। CNN के मुताबिक, भारतीय कामगार इटली से भाग न सकें, इसके लिए दोनों आरोपियों ने उनके पासपोर्ट भी छीन लिए थे। उन्हें एक पुराने, टूटे-फूटे घर में रखा गया था। घर से भागने पर उन्हें मारने की भी धमकी दी गई थी।पुलिस ने बताया कि वह आरोपियों और इटली में सस्ते दाम पर लेबर मुहैया कराने वाली कंपनियों के बीच तार जोड़ने की कोशिश कर रही है।

PunjabKesari

वहीं इटली में मौजूद भारतीय दूतावास ने कहा कि उन्हें मामले की सूचना मिली है। वे इटली के अधिकारियों के साथ मिलकर भारतीयों की सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं। बता दें कि इटली में पिछले महीने खेत पर काम कर रहे एक भारतीय की मौत हो गई थी। इससे पहले भी एक घटना सामने आई थी।  खेत में घास काटते वक्त मशीन से 30 साल के सतनाम का हाथ कट गया था।  घटना के बाद मदद करने की बजाय उसके मालिक ने उसे घर के पास एक सड़क किनारे अकेला छोड़ दिया था। इस घटना के बाद पुलिस हरकत में आई थी। सतनाम के मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। भारतीय कामगार सतनाम के घरवालों ने इटली के प्रशासन और PM मेलोनी से इंसाफ की गुहार लगाई थी। "


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Tanuja

Related News