ISI के स्लीपर सेल का भंडाफोड़! 9 जासूस गिरफ्तार, इन 7 राज्यों को दहलाने की थी खौफनाक साजिश

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 08:54 AM (IST)

ISI Spy Ring Busted Ghaziabad : भारत के खिलाफ सीमा पार से रची जा रही एक बड़ी साजिश को गाजियाबाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने जासूसी और रेकी करने वाले गिरोह के 9 और सदस्यों को गिरफ्तार किया है जिससे अब तक पकड़े गए आरोपियों की कुल संख्या 15 हो गई है। चौंकाने वाली बात यह है कि इनमें 5 नाबालिग शामिल हैं जिनमें से एक नौवीं कक्षा का छात्र है।

7 राज्यों में सीरियल ब्लास्ट की थी तैयारी

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार यह गिरोह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के लिए काम कर रहा था। इनकी साजिश देश के 7 राज्यों— दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी, मुंबई और कश्मीर में सिलसिलेवार हमले करने की थी। जांच में सामने आया है कि दिल्ली के बाद इनका अगला बड़ा निशाना जालंधर शहर था लेकिन एक आरोपी के अपनी प्रेमिका से मिलने हिमाचल चले जाने के कारण यह हमला टल गया।

मासूम बच्चों को बनाया जासूस

ISI ने इस बार अपनी रणनीति बदलते हुए 15 से 17 साल के किशोरों को गिरोह में शामिल किया। ये नाबालिग संवेदनशील सैन्य ठिकानों, धार्मिक स्थलों और अडानी-अंबानी जैसे बड़े उद्योगपतियों के घरों की रेकी करते थे।आरोपी पाकिस्तान, मलेशिया और यूके के वर्चुअल नंबरों के जरिए अपने आकाओं से जुड़े थे। इनका प्लान 50 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर 'सौर ऊर्जा' से चलने वाले जासूसी कैमरे लगाने का था।

मुंबई पोर्ट और समुद्री रास्ते की रेकी

पकड़े गए आरोपियों में से एक दुर्गेश निषाद मुंबई पोर्ट पर ट्रक चलाता था। उसने समुद्र के रास्ते रेकी कर कई वीडियो और लोकेशन पाकिस्तान भेजे थे। चूंकि 26/11 हमला भी समुद्री रास्ते से हुआ था इसलिए सुरक्षा एजेंसियां इस इनपुट को बेहद गंभीरता से ले रही हैं।

मेरठ से बिहार तक फैले तार

पुलिस ने शुक्रवार को गणेश (नेपाल निवासी), गगन (मेरठ), विवेक (बिहार) और दुर्गेश (मुंबई) को गिरफ्तार किया। अब पुलिस को इस मास्टरमाइंड नेटवर्क के दो मुख्य किरदारों— नौशाद अली और समीर उर्फ शूटर की तलाश है। आरोपियों पर अब UAPA (यूएपीए) के तहत कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

भावुक कर देने वाला मंजर

पकड़े गए नाबालिगों में से एक जब दिल्ली के थाने में अपने नाना से मिला तो फूट-फूटकर रो पड़ा। परिजनों को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि उनका बच्चा देश विरोधी गतिविधियों के दलदल में फंस चुका है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Rohini Oberoi

Related News