Petrol-Diesel Rate: कच्चे तेल की कीमतों में 12% का जबरदस्त उछाल, जानें 9 मार्च को प्रमुख शहरों में क्या है पेट्रोल-डीजल का भाव
punjabkesari.in Monday, Mar 09, 2026 - 08:36 AM (IST)
Today Petrol Price: दुनिया इस वक्त एक बड़े ऊर्जा संकट की दहलीज पर खड़ी है। मिडिल ईस्ट में जारी भीषण युद्ध और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में हलचल मचा दी है। आलम यह है कि कच्चे तेल (ब्रेंट क्रूड और WTI) की कीमतों में 12% का जबरदस्त उछाल आया है और भाव $90 प्रति बैरल के पार निकल गए हैं। आम तौर पर जब भी वैश्विक बाजार में ऐसी तेजी आती है, तो भारत में पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छूने लगते हैं। लेकिन इस बार कहानी कुछ अलग है। भारत सरकार की 'तेल सुरक्षा रणनीति' ने फिलहाल कीमतों पर लगाम कस रखी है, जिससे आम आदमी की जेब पर पड़ने वाला बोझ टल गया है।
सरकार का 'मास्टर प्लान': आखिर कैसे काबू में हैं कीमतें?
शनिवार को सरकारी सूत्रों ने साफ कर दिया कि देश के पास तेल का पर्याप्त भंडार मौजूद है, इसलिए फिलहाल कीमतों में किसी भी बढ़ोतरी का कोई इरादा नहीं है। भारत ने चालाकी से अपनी रणनीति बदलते हुए हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) जैसे तनावपूर्ण रास्तों पर अपनी निर्भरता कम कर दी है। अब भारत अपनी जरूरत का 70% तेल उन समुद्री रास्तों से मंगा रहा है जो युद्ध क्षेत्र से काफी दूर और सुरक्षित हैं। स्टॉक की मजबूत स्थिति और सप्लाई चैन में आए इस बदलाव की वजह से आने वाले कुछ हफ्तों तक तेल की कीमतें स्थिर रहने की पूरी उम्मीद है।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के आज के दाम
| शहर | पेट्रोल (प्रति लीटर) | डीजल (प्रति लीटर) |
| नई दिल्ली | ₹94.77 | ₹87.67 |
| कोलकाता | ₹105.45 | ₹92.02 |
| मुंबई | ₹103.50 | ₹90.03 |
| चेन्नई | ₹100.80 | ₹92.39 |
| गुरुग्राम | ₹95.51 | ₹87.98 |
| नोएडा | ₹94.88 | ₹87.98 |
| बेंगलुरु | ₹102.99 | ₹91.06 |
| भुवनेश्वर | ₹101.19 | ₹92.77 |
| चंडीगढ़ | ₹94.30 | ₹82.45 |
| हैदराबाद | ₹107.50 | ₹95.70 |
| जयपुर | ₹105.11 | ₹90.56 |
| लखनऊ | ₹94.69 | ₹87.81 |
| पटना | ₹105.23 | ₹91.49 |
| तिरुवनंतपुरम | ₹107.48 | ₹96.38 |
अफवाहों पर लगाम और सुरक्षा का भरोसा
बाजार में एलपीजी (LPG) और petrol-diesel की बढ़ती कीमतों को लेकर कई तरह की अफवाहें उड़ रही थीं, जिन्हें सरकार ने पूरी तरह निराधार बताया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल और डीजल की कीमतें न बढ़ाने का उनका वादा आज भी कायम है। विपक्ष के आरोपों पर सफाई देते हुए प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि तेल की कोई कमी नहीं है। इसलिए आम जनता को घबराने या पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगाने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। हालांकि, अंतरराष्ट्रीय हालात नाजुक हैं, इसलिए समझदारी इसी में है कि लोग अपनी यात्राओं को बेहतर ढंग से प्लान करें और पैनिक न हों।
