Why Market Crash: बुरी तरह क्रैश हुआ मार्केट, डूब गए ₹8,57,478 करोड़, अचानक क्यों आई बड़ी गिरावट?
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 02:33 PM (IST)
मुंबईः अक्टूबर महीने के पहले दिन कारोबार के दौरान शेयर बाजार में अचानक बड़ी गिरावट देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 215 अंक टूटकर 72,257.30 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 107.25 अंक फिसलकर 22,518.90 अंक पर आ था। दोपहर बाद इसमें गिरावट बढ़ी और सेंसेक्स 957.01 अंक गिरकर 71,523.28 पर आ गया। वहीं निफ्टी भी 327.65 अंक टूटकर 22,292.80 पर कारोबार कर रहा था। लगातार हो रही बिकवाली के कारण निवेशकों का काफी पैसा डूब गया।
आंकड़ों पर नजर डालें तो बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का कुल मार्केट कैप कल 4,71,86,380.74 करोड़ रुपए था, जो आज घटकर 4,63,28,901.87 करोड़ रुपए रह गया यानी आज निवेशकों के 8,57,478.87 करोड़ रुपए डूब गए।
गिरावट के तीन बड़े कारण.....
FII की बिकवाली
विदेशी निवेशक लगातार पांचवें दिन बाजार से अपना पैसा निकाल रहे हैं। 30 सितंबर को इन्होंने 10,148 करोड़ रुपए के भारतीय शेयर बेचे। पिछले दो दिनों में विदेशी निवेशकों ने कुल 20,128 करोड़ रुपए की भारी बिकवाली की है। अमेरिका में 10 साल की बॉन्ड यील्ड बढ़कर 5.3% होने से एफआईआई ने पैसा निकालना तेज कर दिया है। हालांकि, बाजार के लिए एक बात सकारात्मक है कि ये निवेशक प्राइमरी मार्केट और महंगे मिड-स्मॉलकैप में अभी भी खरीदारी कर रहे हैं।
रुपए में भारी गिरावट
अमेरिकी डॉलर इंडेक्स तीन महीने के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है। इसके कारण एशियाई मुद्राओं के साथ-साथ भारतीय रुपए में भी बड़ी कमजोरी आई है। रुपया 0.16 फीसदी टूटकर 95.98 प्रति डॉलर के स्तर पर आ गया है। रुपए के कमजोर होने से विदेशी निवेशकों का भरोसा डगमगाता है और वे सुरक्षित डॉलर की तरफ भागते हैं।
इंडिया VIX में उछाल
बाजार में डर और उतार-चढ़ाव को मापने वाले इंडेक्स ‘इंडिया VIX’ में करीब 5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और ये 14.13 पर पहुंच गया है। इंडिया VIX का बढ़ना इस बात का साफ संकेत है कि निवेशकों के बीच अनिश्चितता और घबराहट का माहौल है। निवेशक इस समय कोई भी बड़ा जोखिम लेने से बच रहे हैं।
