दिलचस्प होगा 2019 का चुनाव, सभी दल भाजपा से नाराज: ममता बनर्जी

punjabkesari.in Tuesday, Mar 27, 2018 - 04:40 PM (IST)

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज राकांपा प्रमुख शरद पवार सहित शिवसेना के नेता संजय राउत, समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव, बीजेडी सांसद पिनाकी मिश्रा, डीएमके नेता कनिमोझी के अलावा मिसा भारती और जेपी यादव से मुलाकात की। इस दौरान ममता ने कहा कि वे बुधवार को यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी से मिलेंगी। वे अखिलेश को भी बुलावा भेजेंगी। उन्होंने कहा कि सभी दल भाजपा की नीतियों और कड़े निर्णयों की वजह से नाराज हैं। ममता ने उम्मीद जताई कि 2019 में चुनावों के परिणाम दिलचस्प होंगे। उन्होंने कहा कि अभी और दलों के नेताओं से मिलूंगी या फिर उनसे मिलने जाऊंगी।

PunjabKesari

ममता की ये मुलाकातें भाजपा के लिए परेशानी का सबब बन सकती हैं। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए सभी दलों ने अभी से जी-तोड़ मेहनत करनी शुरू कर दी है। वहीं इसी बीच अब थर्ड फ्रंट की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि ममता इस थर्ड प्रंट को लीड करेगी। इससे पहले कांग्रेस ने सभी दलों को एकजुट होकर भाजपा के खिलाफ लोकसभा चुनाव में साथ आने को कहा था लेकिन ममता ने इस गठबंधन में जाने की बजाए अलग ही रास्ता चुना। अगर ममता अन्य दलों को मनाने में कामयाब हो गई तो भाजपा के लिए सबसे बड़ा झटका साबित हो सकता है। ममता राष्ट्रीय राजधानी के चार दिवसीय दौरे पर हैं और खबर है कि वे जेडीयू के पूर्व संयोजक शरद यादव और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात करेंगी।

बता दें दिल्ली पहुंचने पर सोमवार को ममता ने कहा था कि  ‘‘केन्द्रीय कक्ष एक प्रसिद्ध कक्ष है जहां मैं अपनी पार्टी के नेताओं से मिलूंगी और अगर विपक्ष के नेता मुझसे मिलना चाहते हैं तो मैं उनका स्वागत करती हूं। हम सभी मित्र हैं।’’ गौरतलब है कि भाजपा नीत केन्द्र सरकार की आलोचक ममता ने हाल में 2019 लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा को हराने के लिए भाजपा रोधी बलों की एकजुटता का आह्वान किया था। क्या वे संप्रग प्रमुख सोनिया गांधी से मिलेंगी, के सवाल पर ममता ने कहा, ‘‘ वह अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें ठीक होने दीजिए। मैं उन्हें परेशान नहीं करना चाहतीं।’’


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Punjab Kesari

Recommended News

Related News