पश्चिम एशिया तनाव: फंसे यात्रियों के लिए भारत सरकार की योजना, आज संचालित होंगी 58 उड़ानें

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2026 - 12:11 AM (IST)

नेशनल डेस्कः केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि विभिन्न एयरलाइन ने अपनी समयसारिणी में सुनियोजित समायोजन किए हैं और पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर चार मार्च को 58 उड़ानें संचालित करने की योजना है।

नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ''फंसे हुए यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। विमानन कंपनियां आवश्यकतानुसार अतिरिक्त कर्मी तैनात कर रही हैं और विदेशी विमानन अधिकारियों तथा विभिन्न भारतीय दूतावासों के साथ मिलकर सुरक्षित और सुचारू यात्री आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए समन्वय कर रही हैं।''

बयान के अनुसार, ''आज भारतीय विमानन कंपनियों द्वारा कुल 24 उड़ानें संचालित की जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, 'एमिरेट्स' और 'एतिहाद' एयरलाइन ने पिछले 24 घंटों में खाड़ी देशों से नौ उड़ानें संचालित की हैं।'' मंत्रालय ने कहा कि भारतीय एयरलाइन कंपनियां चार मार्च को 58 और उड़ानें संचालित करने की योजना बना रही हैं, जिनमें इंडिगो की 30 और एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस की 23 उड़ानें शामिल हैं। मंत्रालय ने कहा कि भारत और खाड़ी क्षेत्र के बीच उड़ान भरने वाली विदेशी एयरलाइन भी परिचालन और हवाई क्षेत्र संबंधी स्थितियों को ध्यान में रखते हुए सीमित संख्या में उड़ानें संचालित कर रही हैं।

मंत्रालय ने कहा, ''वर्तमान स्थिति के कारण अब तक भारतीय विमानन कंपनियों की 1,221 उड़ानें और विदेशी विमानन कंपनियों की 388 उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं।'' इस बीच, एयर इंडिया ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''पश्चिम एशिया में जारी स्थिति को देखते हुए, एयर इंडिया ने संयुक्त अरब अमीरात(यूएई), सऊदी अरब, इजराइल और कतर से आने-जाने वाली अधिकतर उड़ानों का निलंबन चार मार्च 2026 तक बढ़ा दिया है।'' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News