बड़ा रेल हादसा टला: नई दिल्ली से चेन्नई जा रही GT एक्सप्रेस के कोच में लगी भीषण आग, धुआं देख यात्रियों में मची भगदड़
punjabkesari.in Tuesday, Feb 17, 2026 - 03:35 PM (IST)
नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के वर्धा जिले में मंगलवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब नई दिल्ली से चेन्नई जा रही जीटी एक्सप्रेस (Grand Trunk Express) आग की लपटों से घिर गई। यात्रियों के बीच दहशत का माहौल था और जान बचाने की जद्दोजहद के बीच एक बड़ा रेल हादसा टल गया। गनीमत रही कि रेलवे की त्वरित कार्रवाई और यात्रियों की सूझबूझ से किसी भी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
महाराष्ट्र में बड़ा रेल हादसा टला: जीटी एक्सप्रेस के कोच में लगी भीषण आग, धुआं देख यात्रियों में मची भगदड़
ट्रेन संख्या 12616 नई दिल्ली-चेन्नई जीटी एक्सप्रेस मंगलवार सुबह जब नागपुर से रवाना होकर वर्धा जिले के सिंदी-तुलजापुर सेक्शन पर पहुंची, तभी सुबह करीब 11:09 बजे ट्रेन के आखिरी गार्ड कोच से काला धुआं और आग की लपटें उठती देखी गईं। लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते कोच धुएं के गुबार में तब्दील हो गया। कोच में मौजूद लोगों ने जैसे ही धुआं देखा, तुरंत अलार्म बजाया गया और ट्रेन को आपातकालीन स्थिति में रोका गया।
महाराष्ट्र में जीटी एक्सप्रेस में आग लग गई pic.twitter.com/qg6TPizCo9
— Ranvijay Singh (@ranvijaylive) February 17, 2026
रेलवे की त्वरित कार्रवाई से बची सैकड़ों जानें
आग की सूचना मिलते ही मध्य रेलवे के प्रशासन में हड़कंप मच गया। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सबसे पहले प्रभावित कोच को ट्रेन के बाकी डिब्बों से काटकर अलग किया गया, ताकि आग अन्य बोगियों तक न फैल सके। दमकल विभाग को तुरंत सूचना दी गई और यात्रियों को सुरक्षित सुरक्षित दूरी पर ले जाया गया। मध्य रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, प्रभावित कोच में मौजूद सभी यात्रियों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया था, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ।
शॉर्ट सर्किट या कोई और वजह? जांच शुरू
फिलहाल इस भीषण आग के सटीक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। रेलवे के तकनीकी विशेषज्ञ इस बात की जांच कर रहे हैं कि क्या आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या इसके पीछे कोई और तकनीकी खराबी थी।
