टाइम्स स्क्वायर पर भारतीय महिला ने किया डांस, यूजर ने कहा- ''ये Indians हर जगह नाचने क्यों लगते?'' सवाल पर मचा बवाल (Video)
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 07:31 PM (IST)
New York: अमेरिका के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टाइम्स स्क्वायर (Times Square) में साड़ी पहनकर डांस करती एक भारतीय महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि वीडियो से ज्यादा चर्चा उस पोस्ट के कैप्शन को लेकर हो रही है, जिसमें भारतीयों के सार्वजनिक स्थानों पर डांस करने की आदत पर सवाल उठाया गया था। 8 जून को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक यूजर ने यह वीडियो साझा करते हुए लिखा, "क्या कोई मुझे समझा सकता है कि विदेश में किसी भी भीड़भाड़ वाली जगह पर पहुंचते ही भारतीयों को डांस करने की यह अजीब आदत क्यों होती है? मैं इससे परेशान हो चुका हूं।" इसके बाद देखते ही देखते यह पोस्ट वायरल हो गई और लाखों लोगों ने इसे देखा।
क्या है वीडियो में?
वीडियो में एक भारतीय महिला रात के समय टाइम्स स्क्वायर की जगमगाती रोशनी और भीड़भाड़ के बीच कैमरे के सामने डांस करती दिखाई दे रही हैं। आसपास मौजूद लोग अपने-अपने काम में व्यस्त हैं, जबकि महिला वीडियो रिकॉर्ड करवा रही हैं। वीडियो को लेकर लोगों की राय अलग-अलग रही। कुछ यूजर्स ने इसे सोशल मीडिया के लिए बनाया गया "क्रिंज कंटेंट" बताया, जबकि अन्य लोगों ने इसका बचाव किया।
Can someone explain this weird fetish of Indians to start dancing in every crowded public place abroad? I’m so done with it. 😭 pic.twitter.com/DPvfQ4WZmN
— Oppressor (@TyrantOppressor) June 8, 2026
भारतीयों को निशाना बनाने पर उठे सवाल
कई सोशल मीडिया यूजर्स ने कहा कि टाइम्स स्क्वायर दुनिया भर के कलाकारों, पर्यटकों और स्ट्रीट परफॉर्मर्स के लिए मशहूर जगह है। वहां रोजाना संगीत, नृत्य और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम होते रहते हैं। एक यूजर ने लिखा, "जब दूसरे देशों के लोग वहां डांस करते हैं तो किसी को समस्या नहीं होती, लेकिन भारतीयों के साथ ही परेशानी क्यों होती है?" एक अन्य यूजर ने कहा, "अगर कोई महिला वहां खुलकर आनंद ले रही है तो इसमें गलत क्या है? यह व्यक्तिगत अभिव्यक्ति का हिस्सा है।" बहस में शामिल कुछ लोगों ने यह भी कहा कि अक्सर भारतीयों द्वारा बनाए गए ऐसे वीडियो पर सबसे तीखी प्रतिक्रिया भारतीय समुदाय के लोगों की ओर से ही आती है। एक यूजर ने टिप्पणी की, "दुनिया भर में लाखों लोग सार्वजनिक जगहों पर रील्स और वीडियो बनाते हैं। फिर भारतीयों को ही अलग करके क्यों देखा जाता है?"
पहले भी वायरल हो चुके हैं ऐसे वीडियो
यह पहली बार नहीं है जब टाइम्स स्क्वायर में भारतीयों के डांस वीडियो चर्चा का विषय बने हों। पिछले कुछ वर्षों में बॉलीवुड गीतों पर नाचते भारतीय पर्यटकों के कई वीडियो वायरल हो चुके हैं। हर बार ऐसे वीडियो सोशल मीडिया पर संस्कृति, सार्वजनिक व्यवहार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और इंटरनेट ट्रेंड्स को लेकर नई बहस छेड़ देते हैं।
