NCERT की किताब से देश के पहले शिक्षा मंत्री मौलाना आज़ाद को हटाया, जम्मू-कश्मीर पर भी बदलाव
punjabkesari.in Thursday, Apr 13, 2023 - 11:30 AM (IST)

नेशनल डेस्क: नेशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने पिछले दिनों 10वीं, 11वीं और 12वीं के पाठ्यक्रम की पुस्तकों में कुछ बदलाव किए थे। अब NCERT की नई किताब में देश के पहले शिक्षा मंत्री का जिक्र नहीं है। खबर है कि 11thवीं क्लास की पॉलिटिकल साइंस की नई किताब में मौलाना अबुल कलाम आजाद (Maulana Abul Kalam Azad) का नाम हटा दिया गया है। पुरानी किताब में जिस जगह पर उनके काम का जिक्र था वो हिस्सा अब नई किताब में गायब है।
नई किताब में जम्मू-कश्मीर और आर्टिकल 370 से जुड़ी कुछ जानकारियां भी हटाई गई हैं। पिछले साल NCERT ने नई किताब में किए गए बदलावों की लिस्ट जारी की थी, तब बताया गया था कि 11वीं क्लास की पॉलिटिकल साइंस वाली किताब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। द हिंदू ने अपनी ताजा रिपोर्ट में इन बदलावों के बारे में जानकारी दी है। 11वीं क्लास की पुरानी पॉलिटिकल साइंस की किताब के पहले चैप्टर में एक पैराग्राफ था जिसमें मौलाना अबुल कलाम आजाद का संविधान को लेकर एक लेख था जिसे हटा दिया गया है।
कौन थे मौलाना आजाद
बता दें मौलाना आजाद देश के पहले शिक्षा मंत्री थे। 1946 में उन्होंने संविधान सभा के चुनावों में कांग्रेस का नेतृत्व किया था। यह वो सभा थी, जिसने भारत के संविधान का मसौदा तैयार किया था। 14 साल तक के सभी बच्चों के लिए मुफ्त और अनिवार्य प्राइमरी एजुकेशन जैसे कई सामाजिक सुधारों में उनकी अहम भूमिका रही, वे जामिया मिलिया इस्लामिया, विभिन्न भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों, भारतीय विज्ञान संस्थान और स्कूल ऑफ़ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर के प्रमुख संस्थापक सदस्य भी थे।
मौलाना आजाद नेशनल फेलोशिप भी बंद
केंद्र सरकार ने हाल ही में मौलाना आजाद नेशनल फेलोशिप (MANF) बंद करने का भी ऐलान किया था। यह फेलोशिप 2009 में देश के सभी धार्मिक अल्पसंख्यक छात्रों के लिए शुरू की गई थी, उसे बंद करने की वजह बताते हुए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने 8 दिसंबर को लोकसभा में बताया था कि MANF स्कीम केंद्र सरकार की कई दूसरी स्कीम्स से ओवरलैप हो रही थी।
जम्मू-कश्मीर वाला पैराग्राफ भी गायब
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक, नई किताब के 10वें चैप्टर में जम्मू-कश्मीर से जुड़ी जानकारी भी हटाई गई है। NCERT की किताबों में महात्मा गांधी, नाथूराम गोडसे और RSS से जुड़ी कुछ जानकारियों को भी हटा दिया गया है।
जानिए और क्या-क्या हटाया गया
- हिंदू-मुस्लिम एकता के उनके दृढ़ प्रयास ने हिंदू चरमपंथियों को इतना उकसाया कि उन्होंने गांधी जी की हत्या के कई प्रयास किए।
- गांधी उन लोगों द्वारा विशेष रूप से नापसंद थे जो चाहते थे कि हिंदू बदला लें या जो चाहते थे कि भारत हिंदुओं के लिए एक देश बने, ठीक वैसे ही जैसे पाकिस्तान मुसलमानों के लिए था।
ये सारी बातें 12वीं की राजनीतिक विज्ञान की किताब में पढ़ाई जा रही थीं लेकिन इस साल से नहीं पढ़ाई जाएंगी। साथी ही 12वीं की ही इतिहास की किताब में भी कुछ बदलाव किए गए हैं. इस किताब में महात्मा गांधी के हत्यारे गोडसे के बारे में कुछ जानकारियां हटाई गई हैं।