पुर्तगाल के साथ 11 समझौतों के बाद अमेरिका रवाना हुए PM मोदी, 26 को करेंगे ट्रंप से मुलाकात

punjabkesari.in Sunday, Jun 25, 2017 - 02:13 AM (IST)

लिस्बन: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुर्तगाल की अपनी संक्षिप्त यात्रा पूरी करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से अपनी पहली मुलाकात के लिए आज अमेरिका रवाना हो गए। मोदी की पुर्तगाल यात्रा के दौरान दोनों देशों ने 11 समझौतों पर हस्ताक्षर किए। मोदी आज यहां पहुंचे और अपने पुर्तगाली समकक्ष एंटोनियो कोस्टा के साथ व्यापक बातचीत की।  उन्होंने प्रवासी भारतीयों को भी संबोधित किया और कोस्टा को आेवरसीज सिटीजन आफ इंडिया कार्ड दिया। कोस्टा प्रोटोकॉल तोड़ते हुए मोदी को विदा करने आए। 
PunjabKesari

सोमवार को ट्रंप से मुलाकात
मोदी ने अपनी अमेरिका यात्रा से पहले कहा कि उन्हें विचारों का गहराई से आदान-प्रदान करने का इंतजार है। उन्होंने ट्वीट किया मेरी अमेरिका यात्रा का उद्देश्य हमारे देशों के बीच संबंधों में प्रगाढ़ता लाना है। भारत और अमेरिका के बीच मजबूत संबंधों से हमारे देशों और विश्व को लाभ होगा। मोदी ने फेसबुक पर डाले गए एक पोस्ट में लिखा कि अमेरिका की उनकी दो दिवसीय यात्रा ट्रंप के निमंत्रण पर हो रही है। ट्रंप और उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगियों के साथ आधिकारिक बैठकों के अलावा मोदी कुछ प्रमुख अमेरिकी सीईआे से भी मुलाकात करेंगे। 
PunjabKesari

पुर्तगाल के साथ 11 समझौतों पर हस्ताक्षर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुर्तगाल यात्रा के दौरान नई दिल्ली और लिस्बन ने शनिवार को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में शोध को बढ़ावा देने के लिए 40 लाख यूरो के संयुक्त कोष की घोषणा की। मोदी ने आतंकवाद से मुकाबले, अंतरिक्ष एवं जलवायु अध्ययन जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर अपने पुर्तगाली समकक्ष एंटोनियो कोस्टा से गहन बातचीत की। 11 द्विपक्षीय समझौतों पर दस्तखत के बाद एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में मोदी और कोस्टा ने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों में पिछले छह महीने में काफी प्रगति हुई है। 


बाहरी अंतरिक्ष, दोहरे कराधान से बचाव, नैनो प्रौद्योगिकी, सांस्कृतिक संबंधों में सुधार, युवा एवं खेल, उच्च शिक्षा और वैज्ञानिक अनुसंधान, पुर्तगाल-भारत व्यापार केंद्र एवं इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स में सहयोग जैसे क्षेत्रों में समझौते हुए। पुर्तगाल की द्विपक्षीय यात्रा करने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री मोदी ने कहा हमने आज व्यापक चर्चा की। पुर्तगाल की अर्थव्यवस्था में फिर से आई तेजी और भारत की ठोस वृद्धि ने हमें साथ बढऩे का सुनहरा मौका दिया है। अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग के बाबत मोदी ने 40 लाख यूरो के एक संयुक्त विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कोष की स्थापना की घोषणा की। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News