भारत ने श्रीलंका को सौंपा निगरानी विमान
punjabkesari.in Thursday, Aug 17, 2023 - 11:47 AM (IST)

कोलंबोः भारत ने बुधवार को श्रीलंका को समुद्री निगरानी विमान ‘डोर्नियर-228' के विकल्प के रूप में एक विमान सौंपा। यह कदम कोलंबो के साथ भारत के सुरक्षा संबंधों की पुष्टि करता है और द्वीप देश की निगरानी क्षमताओं को बढ़ाता है। मूल रूप से उपहार में दिया गया ‘डोर्नियर-228' वर्तमान में वार्षिक रखरखाव के लिए भारत में है।
राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि कटुनायके में श्रीलंका वायु सेना अड्डे पर आयोजित एक समारोह में भारत द्वारा विमान को श्रीलंका को सौंप दिया गया। इस समारोह में श्रीलंकाई सरकार का प्रतिनिधित्व करने वाले एक प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। इस मौके पर राष्ट्रीय सुरक्षा पर राष्ट्रपति के वरिष्ठ सलाहकार सगाला रत्नायका के अलावा श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त गोपाल बागले समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि नौ जनवरी 2018 को हुई बैठक के दौरान भारत और श्रीलंका के बीच सुरक्षा को लेकर हुई द्विपक्षीय चर्चा के दौरान डोर्नियर की बात सामने आई थी। इसका उद्देश्य श्रीलंका की समुद्री निगरानी क्षमता को और मजबूत करना था। श्रीलंका की अपील पर भारत ने दो वर्षों के लिए श्रीलंका को मुफ्त में डोनियर 228 मेरिटाइम सर्विलांस एयरक्राफ्ट सौंपने का फैसला लिया। सौंपे जाने के बाद से इसने श्रीलंका के कई अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।