ईरान और खाड़ी देशों में बिगड़े हालात पर भारत की बढ़ी चिंता, सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील
punjabkesari.in Saturday, Feb 28, 2026 - 08:17 PM (IST)
International Desk: पश्चिम एशिया में तेजी से बिगड़ते हालात के बीच भारत सरकार ने गहरी चिंता व्यक्त की है। विदेश मंत्रालय (MEA) ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि भारत ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हालिया घटनाक्रम को लेकर गंभीर रूप से चिंतित है और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील करता है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि “भारत ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हालिया घटनाओं से गहराई से चिंतित है। हम सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव बढ़ाने से बचने और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हैं। संवाद और कूटनीति के माध्यम से तनाव कम किया जाना चाहिए। सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान होना चाहिए।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में स्थित हमारे मिशन भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं और उन्हें सतर्क रहने, स्थानीय सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने और मिशनों से जुड़े रहने की सलाह दी गई है।” रिपोर्टों के अनुसार अमेरिका ने ईरान में “मेजर कॉम्बैट ऑपरेशंस” शुरू करने की घोषणा की है। इजरायल ने भी ईरान पर मिसाइल हमले किए हैं। ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजरायल और खाड़ी देशों में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया है। तेहरान सहित कई स्थानों पर विस्फोटों की खबरें हैं।कई देशों ने अपना एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। यह घटनाक्रम पूरे मध्य पूर्व में व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की आशंका को बढ़ा रहा है।
UAE में भारतीयों के लिए विशेष एडवाइजरी
इस बीच, Embassy of India, Abu Dhabi ने संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे भारतीयों, विशेषकर छात्रों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में कहा गया कि भारतीय नागरिक अनावश्यक यात्रा से बचें, सतर्क रहें और सुरक्षा दिशा-निर्देशों का पालन करें। UAE प्रशासन और भारतीय दूतावास द्वारा जारी अपडेट पर नजर रखें। दूतावास और दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास सामान्य रूप से कार्य कर रहे हैं।
आपातकालीन संपर्क
UAE में भारतीय नागरिक आपात स्थिति में निम्नलिखित माध्यमों से संपर्क कर सकते हैं:
- टोल फ्री नंबर: 800-46342
- व्हाट्सएप: +971543090571
- ईमेल: pbsk.dubai@mea.gov.in
- ca.abudhabi@mea.gov.in
भारत की कूटनीतिक प्राथमिकता
भारत ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कूटनीतिक समाधान ही स्थायी रास्ता है। क्षेत्रीय स्थिरता वैश्विक सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है। मौजूदा हालात अत्यंत संवेदनशील बने हुए हैं और भारतीय मिशन लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
