Asia Cup 2023 : रोहित शर्मा ने मचाया धमाल, तोड़ डाला सचिन तेंदुलकर का खास रिकॉर्ड
punjabkesari.in Tuesday, Sep 12, 2023 - 04:05 PM (IST)

कोलंबो : भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने मंगलवार, 12 सितंबर को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप 2023 सुपर 4 मैच के दौरान धमाल मचाते हुए अपने करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। रोहित वनडे में 10,000 रन पूरे करने वाले 6वें भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। कोलंबो में भारत के टॉस जीतने और बल्लेबाजी करने का विकल्प चुनने के बाद रोहित शर्मा ने 22 रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की। रोहित वनडे क्रिकेट में 10,000 रन बनाने वाले कुल 15वें बल्लेबाज बन गए।
तोड़ डाला सचिन तेंदुलकर का खास रिकॉर्ड
इसी के साथ रोहित ने सचिन तेंदुलकर का खास रिकॉर्ड तोड़ डाला। दरअसल, रोहित ने सबसे तेजी से 10 हजार रन बनाने के मामले में सचिन को पीछे छोड़ दिया है। साथ ही अब रोहित वनडे क्रिकेट में 10,000 रन का आंकड़ा पूरा करने वाले विराट कोहली के बाद दूसरे सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बन गए। कोहली ने 2018 में विशाखापत्तनम में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे मैच की 205वीं पारी में यह उपलब्धि हासिल की थी। रोहित अपनी 241वीं पारी में इस मुकाम पर पहुंचे। वहीं सचिन ने 259 पारियों में 10 हजार रन पूरे किए थे। रोहित शर्मा ने कसुन राजिथा के खिलाफ छक्का लगाकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। वह लॉन्ग-ऑन पर छक्का लगाकर 17 रनों से 23वें स्थान पर पहुंच गए और आरपीएस पर कैमरे के सामने पोज देते रहे।
सबसे तेज़ 10,000 वनडे रन-
विराट कोहली - 2018 - 205 पारियां
रोहित शर्मा - 2023 - 241 पारियां
सचिन तेंदुलकर - 2001 - 259 पारियां
सौरव गांगुली - 2005 - 263 पारियां
रिकी पोंटिंग - 2007- 265 पारियां
रोहित शर्मा ने एक खास मौके पर यह उपलब्धि हासिल की क्योंकि यह श्रीलंका के खिलाफ उनका 50वां वनडे था। रोहित, जिन्होंने 2007 में अपना वनडे डेब्यू किया था, 3 दोहरे शतक और 50 अर्द्धशतक सहित 30 शतकों के साथ सफेद गेंद क्रिकेट के दिग्गज बन गए हैं। रोहित की उपलब्धि विराट कोहली के 13,000 रन पूरे करने के एक दिन बाद आई है। कोहली सबसे तेज 13 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज बने थे। कोहली ने सोमवार को कोलंबो में सुपर फोर मैच में पाकिस्तान के खिलाफ 94 गेंदों में 122 रन की मैच जिताऊ पारी के दौरान यह उपलब्धि हासिल करते हुए सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया था।