Unique Tradition: यहां ससुर की गोद में 11 बार बैठती है दुल्हन! इस अनोखी रस्म के बिना अधूरी है शादी
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 01:46 PM (IST)
Unique Marriage Traditions Nigeria : दुनिया के हर कोने में शादी की अपनी-अपनी रस्में हैं लेकिन पश्चिमी अफ्रीका के नाइजीरिया (Nigeria) की 'एदो' (Edo) और 'एसान' (Esan) जनजातियों में एक ऐसी परंपरा सदियों से चली आ रही है जो रिश्तों की नई परिभाषा गढ़ती है। यहां दुल्हन को विदाई से पहले अपने ससुर की गोद में बैठना पड़ता है।
7 से 11 बार दोहराई जाती है रस्म
इस रस्म की सबसे खास बात यह है कि यह सिर्फ एक बार नहीं बल्कि एक निश्चित संख्या में की जाती है। रिवाज के मुताबिक दुल्हन को अपने नए ससुर (या कभी-कभी दूल्हे) की गोद में बैठना और उठना होता है। यह प्रक्रिया कम से कम 7 और अधिकतम 11 बार दोहराई जाती है। हर बार जब दुल्हन बैठती है तो समुदाय के बुजुर्ग विशेष मंत्र और प्रार्थनाएं पढ़ते हैं ताकि शादीशुदा जिंदगी में कोई बाधा न आए।
ससुर की गोद ही क्यों?
नाइजीरियाई समाज में इस रस्म को बेहद पवित्र और सम्मानजनक माना जाता है। इसके पीछे की मुख्य मान्यताएं ये हैं। ससुर की गोद में बैठना इस बात का प्रतीक है कि अब वह उस घर की बहू नहीं बल्कि बेटी बन चुकी है। परिवार के बुजुर्ग उसे दिल से स्वीकार कर चुके हैं। 11 बार उठने और बैठने की क्रिया को इस बात का प्रमाण माना जाता है कि दुल्हन शारीरिक और मानसिक रूप से इस नए जीवन और जिम्मेदारियों के लिए तैयार है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस रस्म के बाद शादी का बंधन कभी नहीं टूटता।
दूल्हे का आलिंगन और जिम्मेदारी की घोषणा
जब दुल्हन ससुर की गोद वाली रस्म पूरी कर लेती है तब अंत में दूल्हा उसे अपनी बाहों में कसकर भर लेता है। यह जोरदार आलिंगन (Hug) इस बात का सार्वजनिक संकेत है कि अब से पत्नी की पूरी सुरक्षा और जिम्मेदारी पति के कंधों पर है। इसके बाद ही समुदाय आधिकारिक रूप से शादी को संपन्न घोषित करता है।
आज भी बरकरार है विरासत
भले ही दुनिया डिजिटल हो गई हो लेकिन नाइजीरिया के दक्षिणी हिस्से में रहने वाली ये जनजातियां आज भी अपनी इस सांस्कृतिक विरासत को पूरी शिद्दत से निभा रही हैं। उनके लिए यह ससुर और बहू के बीच पिता-पुत्री जैसा मजबूत रिश्ता बनाने का सबसे बेहतरीन तरीका है।



