Monsoon: आंधी-तूफान और हीटवेव का सामना करेंगे ये राज्य: IMD का 7 दिन का मौसम अलर्ट
punjabkesari.in Saturday, May 17, 2025 - 09:46 AM (IST)

नेशनल डेस्क: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आगामी मौसम को लेकर कई महत्वपूर्ण अपडेट जारी किए हैं। दक्षिण पश्चिम मानसून लगभग 27 मई के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है, जिससे देशभर में बारिश की गतिविधियां तेज़ हो सकती हैं। इस बीच, केंद्र सरकार के निर्देश पर राज्य सरकारों ने शुक्रवार को मानसून की तैयारियों पर विशेष बैठक की, जिसमें मानसून के आने से पहले ज़रूरी कदम उठाने की बात की गई। राज्य सरकारों ने लैंडस्लाइड के खतरे वाले इलाकों में रहने वाले लोगों के संपर्क नंबर एकत्र करने का निर्णय लिया है।
मानसून की उत्तरी सीमा, जो वर्तमान में दक्षिण अरब सागर, मालदीव, और बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, अगले कुछ दिनों में और आगे बढ़ने की संभावना है। IMD का कहना है कि अगले 2-3 दिन में, दक्षिण-पश्चिम मानसून का विस्तार कोमोरिन, अंडमान द्वीप समूह, और अन्य क्षेत्रों तक हो सकता है।
इसके बावजूद, गर्मी का प्रकोप अभी भी जारी है। दिल्ली-NCR और राजस्थान सहित देश के कई हिस्सों में तापमान 42°C के आसपास पहुंच चुका है। राजस्थान में श्रीगंगानगर में तापमान 45.9°C तक पहुँच गया। वहीं, दिल्ली में भी बुधवार शाम को एक तेज धूल भरी आंधी चली, हालांकि इसके बावजूद राजधानी का तापमान 42.3°C रहा। इसके साथ ही दिल्ली में AQI 300 से ऊपर हो गया है, जिसके चलते ग्रैप-1 लागू किया गया है।
मौसम विभाग ने देशभर में अगले 7 दिनों के लिए आंधी-तूफान, बारिश और लू (हीटवेव) का अलर्ट जारी किया है। आगामी 2 दिनों में 6 राज्यों में भयंकर गर्मी का खतरा है। वहीं, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी तेज हवाएं और गरज के साथ बारिश का पूर्वानुमान है।
मुंबई में इस वक्त बिन मौसम बारिश हो रही है, और वहां के कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो रही है। वहीं, पश्चिमी और दक्षिणी भारत में बारिश की संभावना बनी हुई है, जिससे राहत मिलने की उम्मीद है।