दशहरे पर Delhi-NCR समेत इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी

punjabkesari.in Wednesday, Oct 01, 2025 - 09:10 PM (IST)

नेशनल डेस्क: देश में मानसून की वापसी अब आसान नहीं दिख रही है। 30 सितंबर को दिल्ली-NCR, यूपी, महाराष्ट्र और उत्तराखंड में हुई बारिश ने गर्मी से राहत दी, लेकिन मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि कहानी यहीं खत्म नहीं होती। 10 अक्टूबर तक मौसम में बड़े बदलाव का अंदेशा है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में दो अलग-अलग कम दबाव क्षेत्र सक्रिय हैं, जिनसे अगले दिनों में भारी बारिश, तेज हवाएं और समुद्र में उथल-पुथल मच सकती है।

किन राज्यों पर सबसे ज्यादा असर?

नई प्रणाली के चलते उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, दिल्ली-NCR, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में अगले 24 घंटे में ही बादल गरजने और मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है।

पहाड़ी और दक्षिण भारत पर भी खतरा

IMD ने चेतावनी दी है कि 6-7 अक्टूबर तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और आंधी-तूफान के आसार हैं। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
वहीं, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी 4 अक्टूबर तक चक्रवाती परिसंचरण के कारण भारी बारिश की भविष्यवाणी है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में गरज-चमक के साथ भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली-NCR का मौसम

दिल्ली में 30 सितंबर को झमाझम बारिश ने माहौल बदला। अब अगले 1-2 दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और हवाएं जारी रह सकती हैं। 2 अक्टूबर यानी दशहरे के दिन भी बौछारों का असर देखने को मिल सकता है, जिससे त्योहार के कार्यक्रम प्रभावित हो सकते हैं।

यूपी और बिहार का हाल

  • उत्तर प्रदेश: कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, दशहरे के दिन भी बूंदाबांदी की संभावना।
  • बिहार: कई हिस्से शुष्क, लेकिन 3-5 अक्टूबर के बीच भारी बारिश का अलर्ट।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 10 दिनों तक लौटते मानसून की नई दस्तक मिल सकती है, यानी जिन इलाकों से मानसून विदा ले चुका है, वहां भी अचानक मौसम पलट सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News