LPG Crisis: डिलीवरी वाला मांग रहा है एक्स्ट्रा पैसे? ऐसे करें शिकायत, तुरंत होगा सख्त एक्शन

punjabkesari.in Wednesday, Apr 01, 2026 - 07:55 PM (IST)

नेशनल डेस्क : मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में सप्लाई प्रभावित होने की खबरों के बीच देश में एलपीजी को लेकर घबराहट का माहौल बना। कई जगह लोगों को लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ा। हालांकि, सरकार ने साफ किया है कि देश में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और लोग बेवजह घबराहट में खरीदारी कर रहे हैं।

पैनिक का उठा रहे हैं कुछ लोग फायदा

सरकार का कहना है कि इस स्थिति का फायदा कुछ बिचौलिए उठा रहे हैं, जिससे गैस सिलेंडर ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे हैं। वहीं, कुछ होटल और रेस्टोरेंट भी ग्राहकों से अतिरिक्त वसूली कर रहे हैं।

होटल बिल में जोड़े जा रहे अतिरिक्त चार्ज

शिकायतें मिली हैं कि कई होटल खाने के बिल में ‘गैस चार्ज’ या ‘फ्यूल चार्ज’ के नाम पर अलग से पैसे जोड़ रहे हैं। इससे ग्राहकों को ज्यादा भुगतान करना पड़ रहा है।

क्या कहती है गाइडलाइन

उपभोक्ता मामलों के विभाग (Consumer Affairs) ने स्पष्ट किया है कि होटल या रेस्टोरेंट मेन्यू में दिए गए दाम और तय टैक्स के अलावा कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं ले सकते। अगर बिल में ऐसे चार्ज जोड़े जाते हैं, तो ग्राहक इसका विरोध कर सकते हैं।

कैसे करें शिकायत

अगर होटल अतिरिक्त पैसे हटाने से मना करता है, तो ग्राहक इसकी शिकायत कर सकते हैं। इसके लिए

  • NCH हेल्पलाइन नंबर 1915 पर कॉल किया जा सकता है।
  • ‘ई-जागृति’ पोर्टल के जरिए ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है।
  • जिला प्रशासन या CCPA (Central Consumer Protection Authority) के पास भी शिकायत की जा सकती है।

ग्राहकों के लिए सलाह

सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और किसी भी तरह के गलत चार्ज का भुगतान न करें। सिर्फ मेन्यू में दिए गए दाम और वैध टैक्स ही दें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News