'मुझे नहीं पता था कि मैं प्रेग्नेंट हूं', लंच ब्रेक के बाद अचानक अस्पताल पहुंची महिला, दिया बच्चे को जन्म

punjabkesari.in Friday, Jun 27, 2025 - 06:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क: चीन में एक अजीब लेकिन हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक महिला को लंच ब्रेक के दौरान अचानक पेट में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद वो खुद अपनी इलेक्ट्रिक बाइक चलाकर अस्पताल पहुंची। लेकिन जब वो अस्पताल से बाहर आई, तो वो एक बच्चे की मां बन चुकी थी।

सबसे चौंकाने वाली बात ये थी कि महिला को ये तक नहीं पता था कि वो प्रेग्नेंट है। जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि उसका एमनियोटिक फ्लूइड (यानि पानी की थैली) फट चुका है और वह डिलीवरी के काफी करीब है। इसके बाद तुरंत एक डिलीवरी टीम को बुलाया गया और दोपहर 3 बजकर 22 मिनट पर महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया, जिसका वजन करीब ढाई किलो था।

महिला का नाम ली है। उसने मीडिया को बताया कि जब डॉक्टरों ने उसे बताया कि वो गर्भवती है, तो वह हैरान रह गई। उसने ये भी बताया कि उसे पीरियड्स ना आने का पता तो था, लेकिन उसने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

ली का पहले से एक 6 साल का बेटा है और उन्होंने बताया कि उन्होंने दूसरा बच्चा प्लान नहीं किया था। उनका कहना है कि उन्होंने और उनके पति ने हमेशा सावधानी बरती थी, इसलिए उन्हें अब भी समझ नहीं आ रहा कि ये कैसे हुआ।

हालांकि, उन्होंने खुशी जाहिर की कि उनका बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ है और इसे उन्होंने अपनी मजबूत जीवनशैली का नतीजा बताया। फिलहाल चीन में यह मामला सोशल मीडिया और खबरों में चर्चा का विषय बना हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News