पत्नी का शव मिलने के बाद पति ने की आत्महत्या, 2 साल पहले हुई थी शादी

punjabkesari.in Saturday, Jun 06, 2026 - 11:23 PM (IST)

नेशनल डेस्क : मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर में पत्नी का शव मिलने के एक दिन बाद व्यक्ति ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मयंक सिंह का शव वाहन फैक्टरी जबलपुर (वीएफजे) की एक खाली आवासीय इमारत में फंदे से लटका मिला। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को उसकी पत्नी नेहा सिंह का शव अधारताल थाना क्षेत्र स्थित उनके किराए के मकान में मिला था।

अधारताल थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि नेहा और मयंक की शादी दिसंबर 2023 में हुई थी। नेहा के पहले पति की मृत्यु हो चुकी थी तथा उसके पहले विवाह से आठ वर्षीय पुत्र है। नेहा पिछले एक वर्ष से इंदौर में काम कर रही थी और 28 मई को जबलपुर लौटी थी। उन्होंने बताया कि तीन जून की रात दंपति के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद नेहा लापता हो गई थी। ताम्रकार ने बताया कि शुक्रवार शाम मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी कि मकान बंद है और उसमें से दुर्गंध आ रही है। इसके बाद पुलिस की टीम ने मकान में प्रवेश किया, जहां नेहा का सड़ा-गला शव मिला।

उन्होंने कहा, ''प्रारंभिक पोस्टमार्टम जांच में फांसी लगने से मौत होने की बात सामने आई है। इसके बाद मयंक की तलाश शुरू की गई। वह शुक्रवार सुबह अपने आठ वर्षीय सौतेले बेटे को अपनी बहन के घर छोड़कर कहीं चला गया था।'' पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार दोपहर रांझी थाना क्षेत्र से सूचना मिली कि वीएफजे की एक खाली इमारत में एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका हुआ मिला है, जिसकी पहचान मयंक सिंह के रूप में हुई।

उन्होंने कहा कि मयंक के पास से एक कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने पत्नी की मौत के लिए स्वयं को जिम्मेदार बताया है। नोट में उसकी सास और साली के खिलाफ भी आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आठ वर्षीय बालक ने पूछताछ में बताया कि घटना से पहले उसके माता-पिता के बीच विवाद हुआ था। अधिकारी ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News