दुल्हन की आंख खुली तो गोद पर पड़ा था पति का शव, शादी के चंद घंटो बाद ही विधवा हुई पत्नी
punjabkesari.in Monday, Jun 01, 2026 - 06:08 PM (IST)
नेशनल डेस्क : अमेरिका के जॉर्जिया के डॉसन काउंटी से एक दिला दहल देने वाला मामला सामने आया है, जहां चंद घंटों में ही शादी की खुशियां मातम में बदल गई। जानकारी के अनुसार भारतीय मूल के 25 वर्षीय डेव फिजी ने शुक्रवार को अपने जीवन की नई शुरूआत की थी। रिश्तेदारों और मेहमानों की हाजरी में उनकी शादी डॉसनविल के 'द रेवेरे' वेडिंग वेन्यू में संपन्न हुई। लेकिन चंद घंटों बाद ही उनकी मौत हो गई और दुल्हन जेस्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
कैसे हुआ हादसा
मृतक डेव फिजी खुद अटलांटा में डेल्टा एयर लाइंस के एक अनुभवी कमर्शियल पायलट थे। शादी समारोह खत्म होने के बाद नवविवाहित जोड़े को हेलीकॉप्टर से पीचट्री-डीकाल्ब एयरपोर्ट जाना था, जहां से वे अटलांटा के एक होटल में रुकने वाले थे। लेकिन विदाई के समय मौसम बिगड़ चुका था, भारी बारिश और घना कोहरा था। मृतक के पिता जॉर्ज फिजी का कहना है कि 'डेव खुद पायलट था और मौसम को लेकर चिंतित था। उसने मुझसे कहा था कि वह इतनी कम दृश्यता (visibility) में कभी उड़ान नहीं भरता. लेकिन इसके बावजूद पायलट ने ऊंचाई बढ़ाकर उड़ान भरने का फैसला किया।'
मलबे के नीचे दबा नवविवाहिता जोड़ा
हादसा इतना भयानक था कि क्रैश होने के बाद दुल्हन जेस्नी करीब पांच घंटे तक मलबे और गिरे हुए पेड़ों के नीचे फंसी रहीं। पेशे से नर्स जेस्नी को जब होश आया, तो वह मलबे के नीचे थीं और डेव का शरीर उनके सीने पर था। उन्होंने डेव को पुकारा, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घने जंगल और कठिन रास्तों के कारण राहत दल (Rescue Team) को मलबे तक पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।
बचावकर्मियों को ऑफ-रोड वाहनों का सहारा लेना पड़ा और रास्ता बनाने के लिए झाड़ियों को काटना पड़ा। करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जेस्नी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि उनके शरीर की कोई हड्डी नहीं टूटी है, लेकिन गहरे जख्मों के साथ वे अपने पति को खोने के सदमे से पूरी तरह टूट चुकी हैं।
