हुमायूं के मकबरे के पास दरगाह की छत और दीवार गिरने से मची अफरातफरी, 5 लोगों की हुई मौत

punjabkesari.in Friday, Aug 15, 2025 - 07:24 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित हुमायूं के मकबरे के पास दरगाह शरीफ पत्ते शाह के अंदर बने कमरे की छत और दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग मलबे के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है। दिल्ली फायर सर्विस के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें शाम लगभग 3:51 बजे घटना की सूचना मिली। इसके बाद तुरंत 5 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। फंसे हुए लोगों को बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं। हादसे में तीन महिलाएं और दो पुरुषों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। अब तक लगभग 11 लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जानकारी में 6 से 7 लोग दबे होने की बात कही गई थी, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दबे लोगों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

जुमे की नमाज के लिए जमा थे लोग
एडवोकेट मुजीब अहमद ने बताया कि वे वक्फ बोर्ड की ओर से यहां आए थे। उन्होंने कहा कि जुमे की नमाज के लिए आज यहां भारी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे। बस्ती के साथ-साथ आसपास के लोग भी नमाज पढ़ने आते हैं, लेकिन आज बारिश के कारण सभी अंदर चले गए थे। मुजीब ने आरोप लगाया कि यह छत बहुत पुरानी थी और एएसआई (आर्कियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया) के कर्मचारी मरम्मत नहीं करने दे रहे थे। दरगाह कमेटी ने कई बार इसकी मरम्मत की गुहार लगाई, लेकिन एएसआई ने मना कर दिया। उनकी लापरवाही की वजह से छत में दरारें आ गई थीं।

पहले छत गिरी, फिर दीवार ढही
मुजीब अहमद ने बताया कि बारिश के कारण हादसा हुआ। कमरे में लगभग 15 से 20 लोग मौजूद थे। उन्होंने कहा कि पहले छत गिरी और इसके बाद दीवार भी ढह गई। यह हादसा दरगाह के कुछ कमरों में हुआ है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Shubham Anand

Related News