बड़ा हादसा : कोल्ड स्टोर की दीवार गिरी, 20 मजदूर मलबे में दबे… बचाव कार्य जारी
punjabkesari.in Monday, Mar 23, 2026 - 05:09 PM (IST)
नेशनल डेस्क : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के फाफामऊ इलाके में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। चंदापुर क्षेत्र में स्थित एक कोल्ड स्टोर की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां काम कर रहे करीब 20 मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।
मलबे में दबे मजदूर, मौके पर मची अफरा-तफरी
घटना के समय कोल्ड स्टोर में कई मजदूर काम कर रहे थे। अचानक दीवार गिरने से वे संभल भी नहीं पाए और मलबे में दब गए। अन्य मजदूरों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही राहत और बचाव दल मौके पर पहुंच गया और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
8 से 10 मजदूरों के हताहत होने की आशंका
सूत्रों के मुताबिक इस हादसे में 8 से 10 मजदूरों के हताहत होने की खबर है, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मलबे में फंसे लोगों को लगातार बाहर निकाला जा रहा है और उन्हें इलाज के लिए SRN अस्पताल भेजा जा रहा है।
अमोनिया गैस रिसाव से हालात और बिगड़े
हादसे के बाद कोल्ड स्टोर से अमोनिया गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे हालात और गंभीर हो गए। गैस के कारण इलाके में बदबू फैल गई और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने भीड़ को वहां से हटाया। इस दौरान हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा।
गुस्साए लोगों का हंगामा, एंबुलेंस पर पथराव
हादसे से नाराज कुछ लोगों ने मजदूरों को अस्पताल ले जा रही एक एंबुलेंस पर पथराव कर दिया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और माहौल को शांत कराया।
NDRF-SDRF की टीमें मौके पर, रेस्क्यू जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड के साथ NDRF और SDRF की टीमें भी मौके पर तैनात हैं। JCB मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। गैस रिसाव के चलते बचावकर्मी मुंह पर कपड़ा बांधकर काम कर रहे हैं, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है।
जर्जर इमारत बनी हादसे की वजह?
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोल्ड स्टोर की इमारत काफी पुरानी और जर्जर बताई जा रही है। करीब 60 एकड़ में फैले इस कोल्ड स्टोर का लगभग 40 फीट ऊंचा और 75 फीट लंबा हिस्सा गिर गया।
फिलहाल राहत-बचाव जारी, प्रशासन अलर्ट
प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे हालात पर नजर बनाए हुए हैं। मलबे में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।
