30 फीट गहरी खाई में गिरी SUV, तीन दोस्तों की मौत, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मची चीख पुकार

punjabkesari.in Wednesday, Mar 18, 2026 - 06:11 PM (IST)

नेशनल डेस्क : राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक एसयूवी अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे जा गिरी, जिससे उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी युवक अपने दोस्तों के साथ लंबी ट्रिप से लौट रहे थे और घर पहुंचने से पहले ही यह हादसा हो गया।

नींद की झपकी बनी हादसे की वजह

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि वाहन चला रहे चालक को अचानक झपकी आ गई, जिसके चलते कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर करीब 30 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसा कोटा के कैथून थाना क्षेत्र में बालापुरा और कराड़िया गांवों के बीच बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे हुआ।

दो गाड़ियों में सवार थे 10 दोस्त

पुलिस के अनुसार, 10 दोस्तों का यह समूह फरवरी के अंत में लेह-लद्दाख और जम्मू-कश्मीर घूमने के लिए निकला था। यात्रा पूरी कर सभी दो गाड़ियों में सवार होकर महाराष्ट्र के पुणे लौट रहे थे। हादसे का शिकार हुई गाड़ी में तीन युवक बैठे थे, जबकि दूसरी कार में बाकी सात लोग मौजूद थे।

मदद के बावजूद नहीं बच सकी जान

हादसे के बाद पीछे चल रही कार में सवार दोस्तों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सिद्धांत (21), कुणाल (25) और मयूरेवा (23) के रूप में हुई है, जो आपस में करीबी दोस्त थे।

परिजनों के आने के बाद होगा पोस्टमार्टम

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के पहुंचने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद पूरे दोस्त समूह में शोक की लहर है, जो कुछ समय पहले तक खुशी-खुशी यात्रा कर रहा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News